Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Haryana Politics: भतीजे दुष्यंत की चाचा अभय को खुली चुनौती, दम है तो सभी सीटों पर उम्मीदवार उतारे इनेलो

    Updated: Sun, 14 Apr 2024 04:15 PM (IST)

    Haryana Politics दुष्यंत चौटाला (Dushyant Chautala) ने दिए गए तीन से चार दिनों में जेजेपी के उम्मीदवार घोषित कर दिए जाने के संकेत दे दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने बीजेपी पर भी हमला बोला है उन्होंने कहा कि भाजपा भी अब नई कांग्रेस बन चुकी है। लोकसभा के 10 उम्मीदवारों में छह उम्मीदवार कांग्रेस की पृष्ठभूमि के हैं। भाजपा के पास अपने स्वयं के उम्मीदवार नहीं हैं।

    Hero Image
    भतीजे दुष्यंत की चाचा अभय को खुली चुनौती (फाइल फोटो)।

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने अगले तीन से चार दिनों के भीतर जननायक जनता पार्टी के सभी 10 लोकसभा सीटों पर उम्मीदवार घोषित करने के संकेत दिए हैं।

    साथ ही उन्होंने अपने चाचा इनेलो के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला को चुनौती दी है कि यदि उनमें दम है तो वे भी सभी 10 लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित करने का साहस जुटाएं। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि इस लोकसभा चुनाव में पता चल जाएगा कि भाजपा की दूसरी (बी) टीम कौन है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उपचुनाव में पार्टी उतारेगी अपना उम्मीदवार- जेजेपी

    चंडीगढ़ में मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए जेजेपी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष दुष्यंत चौटाला ने यह दावा भी किया है कि करनाल विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में उनकी पार्टी अपना उम्मीदवार उतारेगी। बातों ही बातों में दुष्यंत ने संकेत दिया कि पार्टी अध्यक्ष अजय सिंह चौटाला यदि चाहेंगे तो करनाल में वह (दुष्यंत चौटाला) भी भाजपा उम्मीदवार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सामने चुनाव लड़ सकते हैं। उन्होंने भाजपा पर हमलावर होने का भी कोई मौका नहीं चूका।

    ये भी पढ़ें: BJP Manifesto Release 2024: भाजपा के घोषणापत्र की पहली कॉपी हरियाणा के इस किसान के नाम

    भाजपा अब बन गई नई कांग्रेस- दुष्यंत चौटाला

    दुष्यंत चौटाला ने कहा कि भाजपा भी अब नई कांग्रेस बन चुकी है। लोकसभा के 10 उम्मीदवारों में छह उम्मीदवार कांग्रेस की पृष्ठभूमि के हैं। भाजपा के पास अपने स्वयं के उम्मीदवार नहीं हैं। फील्ड में अजय सिंह चौटाला, दुष्यंत चौटाला व दिग्विजय चौटाला के विरोध से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस और इनेलो नेता एक योजनाबद्ध तरीके से राजनीतिक माहौल को खराब करने के लिए विरोध करवा रहे हैं।

    दिग्विजय का डबवाली के पीपली गांव में विरोध करने वाले कांग्रेस व इनेलो कार्यकर्ता के रूप में चिन्हित किए जा चुके हैं। कुंगड गांव में अजय सिंह चौटाला का विरोध करने वाले कांग्रेस के पदाधिकारी हैं।

    लोकप्रियता को खत्म करने के लिए रच रहे षड्यंत्र- चौटाला

    जेजेपी के प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला ने अपने भाई की बात आगे बढ़ाई। उन्होंने कहा कि यदि हम कुरुक्षेत्र में अभय सिंह चौटाला की गाड़ी के आगे जेजेपी कार्यकर्ताओं को हाथ में किसानों के झंडे देकर खड़ा कर दें तो क्या यह बात अच्छी है। हमारे साथ यही हो रहा है। किसानों द्वारा विरोध के नाम पर कांग्रेस व इनेलो हमारी लोकप्रियता को खत्म करने की षड्यंत्र रच रहे हैं।

    दुष्यंत चौटाला ने एक सवाल के जवाब में कहा कि हमने कभी भी इनेलो व जेजेपी की एकजुटता की बात नहीं की। अजय सिंह चौटाला ने जब भी बोला, यही कहा कि यदि ओमप्रकाश चौटाला चाहेंगे तो यह परिवार एक हो सकता है, मगर अभय सिंह को परिवार की एकजुटता पसंद नहीं है तो ठीक है।

    अभय सिंह चौटाला करेंगे इनेलो का किसी दल में विलय

    दुष्यंत चौटाला ने यह भी आशंका जताई कि आने वाले समय में अभय सिंह चौटाला अपनी पार्टी इनेलो का किसी दूसरे दल में विलय कर सकते हैं। उनके पास उम्मीदवार नहीं है। साढ़े चार साल भाजपा के साथ सत्ता में रहकर मलाई खाने से जुड़े विपक्ष के आरोप पर दुष्यंत ने कहा कि दीनबंधु सर छोटू राम और स्व. देवीलाल हमेशा कहा करते थे कि नीतियां और काम सरकार में रहकर पूरे किए जा सकते हैं।

    हमने साढ़े चार साल में अपने चुनाव घोषणा पत्र के सभी वादे पूरे करने का काम किया है। 40 हजार करोड़ रुपये का औद्योगिक निवेश और किसानों को 14 फसलों पर एमएसपी व दो दिन में किसानों के खातों में ऑनलाइन भुगतान की व्यवस्था जेजेपी ने कराई है।

    बीरेंद्र सिंह को दुष्यंत चौटाला ने दिखाया आईना

    पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह पर भी हमलावर हुए। उन्होंने कहा कि मेरे पास ऐसे वीडियो हैं, जिसमें बीरेंद्र सिंह कभी भूपेंद्र सिंह हुड्डा को कोसते हुए नहीं थकते थे। कहते थे कि हुड्डा पूरी कांग्रेस खा गए। अब जबकि बीरेंद्र सिंह का राजनीतिक आधार पूरी तरह से खत्म हो चुका है तो वे हुड्डा के हाथों ही अपने गले में कांग्रेस का पटका पहनते हुए अपनी शान समझ रहे हैं।

    बीजेपी ने नहीं दिया किसानों की तरफ ध्यान- दुष्यंत चौटाला

    दुष्यंत ने आरोप लगाया कि भाजपा की नई सरकार का ध्यान किसानों की तरफ नहीं है। तीन सौ रूपये प्रति क्विंटल के हिसाब से किसानों से सरसों की फसल में नमी के नाम पर कटौती की जा रही है। भाजपा ने मंडियों में आढ़ती से खरीद प्रक्रिया बंद करवाकर एजेंसियों के माध्यम से अपने चहेते कमीशन एजेंटों को आगे कर दिया है।

    ये भी पढ़ें: Lok Sabha Election: बसपा ने हरियाणा में पांच सीटों पर घोषित किए प्रत्याशी, करनाल से सरदार इंद्रजीत सिंह पर खेला अपना दांव