विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा के सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील का नया मेन्यू जारी, हर दिन मिलेंगे नए व्यंजन; एक महीने की सूची तैयार

Published: Sat, 07 Nov 2026 06:37 PM (IST)

हरियाणा सरकार ने सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील के तहत विद्यार्थियों के लिए दिनवार भोजन सूची में संशोधन किया है। अब बच्चों को हर दिन अलग-अलग पौष्टिक व्यंजन परोसे जाएंगे।

हरियाणा के सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील का नया मेन्यू जारी। फाइल फोटो

हरियाणा के सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील का नया मेन्यू जारी। फाइल फोटो

HighLights

  1. मिड-डे मील में विद्यार्थियों के लिए संशोधित दिनवार भोजन सूची जारी।

  2. भोजन में पौष्टिकता, विविधता के साथ चार सप्ताह का मेन्यू निर्धारित।

  3. स्कूल मुखियाओं को भोजन की गुणवत्ता, मात्रा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को मिड-डे मील के तहत हर दिन अलग-अलग नए व्यंजन परोसे जाएंगे। सरकार ने प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण (पीएम पोषण) योजना के तहत प्राथमिक और मिडिल कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए दिनवार भोजन सूची में संशोधन किया है।

भोजन में पौष्टिकता और विविधता का ध्यान रखते हुए चार सप्ताह का मेन्यू निर्धारित करते हुए संशोधित सूची में अनाज, दालों, सोया, मौसमी सब्जियों, दूध, दही, गुड़ और अन्य खाद्य सामग्री को शामिल किया गया है।

मौलिक शिक्षा महानिदेशक की ओर से जारी आदेशों के अनुसार स्कूलों को संशोधित सूची के अनुसार ही विद्यार्थियों के लिए भोजन तैयार करवाना होगा। पहले सप्ताह में सोमवार को सब्जी पुलाव और काला चना, मंगलवार को रोटी और घीया चना दाल, बुधवार को राजमा चावल, वीरवार को कढ़ी पकौड़ा और चावल, शुक्रवार को गुड़ रोटी व दही तथा शनिवार को पौष्टिक मिलेट परांठा व दही दिया जाएगा।

चौथे सप्ताह में पहले सप्ताह का मेन्यू दोहराया जाएगा

दूसरे सप्ताह में सोमवार को पौष्टिक सोया खिचड़ी, मंगलवार को मीठा दलिया, बुधवार को चावल व सफेद चना, वीरवार को पौष्टिक चना दाल खिचड़ी, शुक्रवार को पौष्टिक मिस्सी परांठा और शनिवार को दाल चावल निर्धारित किए गए हैं।

तीसरे सप्ताह में सोमवार को दाल चावल, मंगलवार को रोटी एवं मूंग-मसूर दाल, बुधवार को मिस्सी रोटी एवं मौसमी सब्जी, वीरवार को मीठे मूंगफली चावल, शुक्रवार को पौष्टिक नमकीन दलिया और शनिवार को गेहूं-रागी का पूड़ा शामिल किया गया है। इसके बाद चौथे सप्ताह में पहले सप्ताह का मेन्यू दोहराया जाएगा।

विभाग ने मिडिल कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए भी अलग दिनवार व्यंजन सूची तैयार की है। इसमें प्राथमिक कक्षाओं के मेन्यू के अनुरूप विभिन्न व्यंजन शामिल किए गए हैं, लेकिन खाद्य सामग्री की मात्रा और उससे मिलने वाले पोषण तत्वों का हिसाब अलग निर्धारित किया गया है। प्रत्येक व्यंजन के लिए कच्चे अनाज की मात्रा, प्रोटीन, ऊर्जा, कैल्शियम और आयरन की गणना भी दी गई है।

स्कूल मुखिया को सौंपी जिम्मेदारी

इससे स्कूलों को भोजन तैयार करने के लिए आवश्यक सामग्री की मात्रा और निर्धारित पोषण संबंधी विवरण का पालन करने में सुविधा होगी। निर्देशों में कहा गया है कि सभी व्यंजन स्कूल परिसर में स्कूल मुखिया की देखरेख में तैयार किए जाएंगे।

भोजन की गुणवत्ता और मात्रा सही रहे, यह सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी स्कूल मुखिया की होगी। बच्चों को खाना परोसने से पहले स्कूल मुखिया को स्वयं भोजन चखना होगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।