'यह दिलों का गठबंधन...', पंजाब में भाजपा-अकाली दल के गठबंधन पर और क्या बोले CM नायब सैनी?
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पंजाब में भाजपा-अकाली दल गठबंधन को 'दिलों का गठबंधन' बताया, जो पंजाब के लोगों की आवाज पर आधारित है।
-1795518791478_m.webp)
पंजाब में भाजपा-अकाली दल के गठबंधन पर क्या बोले CM नायब सैनी? फोटो जागरण
HighLights
भाजपा-अकाली दल गठबंधन पंजाब के लोगों की आवाज।
पंजाब में गैंगस्टरवाद से लोग परेशान, बदलाव चाहते हैं।
मोदी के नेतृत्व में पंजाब को खुशहाल और मजबूत बनाएंगे।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब में भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन को लेकर कहा कि यह केवल राजनीतिक गठबंधन नहीं, बल्कि दिलों का गठबंधन है। यह फैसला पंजाब के लोगों की आवाज और उनके हितों को ध्यान में रखकर लिया गया है।
पंजाब के लोग बदलाव चाहते हैं और उनकी भावनाओं के अनुरूप ही यह कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री मंगलवार को गुरुग्राम में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पंजाब की राजनीतिक स्थिति और गठबंधन को लेकर अपनी बात रखी।
पंजाब में बढ़ रहा गैंगस्टरवाद,
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में गैंगस्टरवाद फैल रहा है और प्रदेश के लोग इससे परेशान हैं। वहां के लोग मौजूदा हालात से तंग आ चुके हैं।
उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले कांग्रेस ने पंजाब के लोगों के साथ न्याय नहीं किया और अब आम आदमी पार्टी की सरकार में भी लोगों को अत्याचार झेलना पड़ रहा है।
पंजाब की मौजूदा सरकार ने अपने पांच साल का कार्यकाल चुटकुलों में ही निकाल दिया। कांग्रेस ने भी अपने शासनकाल में प्रदेश के विकास के लिए कुछ नहीं किया।
मोदी के नेतृत्व में खुशहाल बनेगा पंजाब
नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पंजाब को खुशहाल और मजबूत बनाने का काम किया जाएगा। वहां महिलाओं का सम्मान सुनिश्चित होगा, युवाओं को उनके अधिकार और बेहतर अवसर मिलेंगे तथा गरीबों के उत्थान के लिए काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पंजाब को विकास की राह पर आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है। पंजाब के लोग भी ऐसा ही बदलाव चाहते हैं। उनके हितों और आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए भाजपा आगे काम करेगी।