गन्ने का भाव ₹600 क्विंटल कराने को देशव्यापी आंदोलन शुरू, एकजुट हुए 150 से ज्यादा किसान संगठन
देश बचाओ मोर्चा ने गन्ने का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 600 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित कराने के लिए राष्ट्रीय आंदोलन का बिगुल फूंका है।

गन्ने का एमएसपी 600 रुपये करने को देशव्यापी आंदोलन शुरू।
HighLights
गन्ने का एमएसपी 600 रुपये कराने को राष्ट्रीय आंदोलन
वीएम सिंह करेंगे गन्ने के एमएसपी आंदोलन का नेतृत्व
शिव कुमार कक्का बने देश बचाओ मोर्चा के संयोजक
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। किसानों और मजदूरों के मुद्दों पर देशव्यापी एकजुटता कायम करने की दिशा में देश बचाओ मोर्चा ने राष्ट्रीय स्तर पर साझा संघर्ष का बिगुल फूंक दिया है।
नई दिल्ली के गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब में आयोजित मोर्चा के राष्ट्रीय सम्मेलन में 150 से अधिक किसान एवं मजदूर संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन में गन्ने का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 600 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित कराने के लिए राष्ट्रीय आंदोलन चलाने सहित कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। इस आंदोलन का राष्ट्रीय नेतृत्व किसान नेता वीएम सिंह करेंगे।
महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र के प्रमुख किसान नेता प्रकाश पोहरे की अध्यक्षता में हुए सम्मेलन में राष्ट्रीय किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी, वीएम सिंह, भोपाल के शिव कुमार कक्का, जसबीर भट्टी, सरदार जसकरण सिंह, सुरजीत फूल और लखनऊ के विश्वात्मा भारत गांधी सहित पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और बिहार के किसान नेताओं ने भागीदारी की।
सम्मेलन में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार से देश के सभी राज्यों में गन्ने का न्यूनतम समर्थन मूल्य कम से कम 600 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने की मांग की गई। इसके लिए देशव्यापी आंदोलन चलाने की जिम्मेदारी वीएम सिंह को सौंपी गई।
एक अन्य महत्वपूर्ण प्रस्ताव में किसानों और मजदूरों की निर्बाध आवाजाही के लिए अंतरराष्ट्रीय सीमाओं को खोलने की संभावनाओं पर विचार करने तथा नीतिगत और प्रशासनिक सुझाव देने के लिए केंद्र सरकार से विशेष टास्क फोर्स गठित करने की मांग की गई।
सम्मेलन में किसान-मजदूर एकता को मजबूत करने और विभिन्न संगठनों को साझा मंच पर लाकर राष्ट्रीय स्तर पर संयुक्त संघर्ष विकसित करने पर जोर दिया गया।
शिव कुमार कक्का राष्ट्रीय संयोजक, नियमावली के लिए तीन सदस्यीय समिति
मोर्चा को लोकतांत्रिक और सहभागी स्वरूप देने के लिए नेतृत्व व्यवस्था रोटेशन के आधार पर चलाने का निर्णय लिया गया। भोपाल के किसान नेता शिव कुमार कक्का को आगामी राष्ट्रीय संयोजक चुना गया।
मोर्चा की नियमावली तैयार करने के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई, जिसमें विश्वात्मा भारत गांधी, शिव कुमार कक्का और जसकरन सिंह शामिल होंगे। सम्मेलन में देशभर के किसान और मजदूर संगठनों को मोर्चा से जुड़ने के लिए खुला आमंत्रण देने का फैसला भी हुआ। मोर्चा की अगली राष्ट्रीय बैठक 29 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।