मशहूर संगीत निर्देशक बी पराक पर पिता को बंधक बनाने का आरोप, हाईकोर्ट ने पुलिस से मांगी रिपोर्ट
देश के जाने-माने गायक व संगीत निर्देशक बी पराक पर संपति हड़पने के चक्कर में अपने ही पिता को बंधक बनाकर रखने का आरोप लगा है।
जेएनएन, चंडीगढ़। देश के जाने-माने गायक व संगीत निर्देशक बी पराक पर संपति हड़पने के चक्कर में अपने ही पिता को बंधक बनाकर रखने का आरोप लगा है। इस पर हाई कोर्ट ने चंडीगढ़ के एसएसपी को 16 जुलाई तक रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। बी पराक के पिता वीरेंद्र बच्चन भी फिल्मों में जाने-माने संगीत निर्देशक हैं।
हाई कोर्ट में याचिका बच्चन की एक शिष्या मीनू कपूर ने दाखिल की है। याचिका में आरोप हैं कि वीरेंद्र बच्चन बीमार हैं और उनका इलाज भी नहीं करवाया जा रहा है। मीनू कपूर ने हाई कोर्ट को बताया कि वीरेंद्र बच्चन चंडीगढ़ के सेक्टर 20 में रहते हैं। उनकी चंडीगढ़ व जीरकपुर में करोड़ों की संपति है, जिसे उनकी पत्नी और बेटा बी पराक हड़पना चाहता है। बच्चन की तबीयत काफी समय से सही नहीं है। उनके दिमाग में खून के थक्के भी जमने शुरू हो गए थे। उनकी बीवी और बेटा उनको सही इलाज मुहैया नहीं करवा रहे हैं और न ही उनको किसी से मिलने दिया जाता है।
याचिका में आरोप लगाया गया कि वीरेंद्र बच्चन का इलाज न करवाकर उनको मारने की कोशिश की जा रही है। इसको लेकर खुद बच्चन ने भी चंडीगढ़ पुलिस से कई बार शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
याचिका के अनुसार चंडीगढ़ पुलिस वीरेंद्र बच्चन को ईलाज मुहैया कराने और रोक टोक न करने की सलाह देकर चली गई। मगर उनकी बीवी और बेटे का रवैया नहीं बदला। याची उनका हाल चाल लेती रहती थी, अब उसके खिलाफ सिविल सूट दाखिल कर घर में घुसने पर पाबंदी लगाने की अपील की गई है। अब वीरेंद्र बच्चन का मोबाइल फोन भी छीन लिया गया है, जिस कारण अब वह इलाज के अभाव में धीमी मौत मर रहे हैं। हाई कोर्ट ने मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए चंडीगढ़ पुलिस को इस मामले में जवाब देने का आदेश दिया हैं।