BOSS हो तो ऐसा! दीवाली पर कर्मचारियों को दीं चमचमाती Kia Sonet SUV, खुशी से झूमे एम्प्लॉई
पंचकूला स्थित मिट्स हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड ने दिवाली पर अपने चार कर्मचारियों को किआ सोनेट कारें उपहार में दीं।

दीवाली पर कर्मचारियों की चमकी किस्मत, कंपनी ने गिफ्ट कीं कारें।
HighLights
मिट्स हेल्थकेयर ने दिवाली पर कर्मचारियों को कारें दीं
चार कर्मचारियों को किआ सोनेट कारें उपहार में मिलीं
कंपनी ने कर्मचारियों की मेहनत और समर्पण को सराहा
जागरण संवाददाता, पंचकूला। दीवाली पर कंपनियों की ओर से कर्मचारियों को मिठाई, उपहार और बोनस देने की परंपरा तो आम है, लेकिन जब कर्मचारियों की मेहनत और समर्पण का इनाम कार के रूप में मिले तो खुशी दोगुनी हो जाती है।
पंचकूला स्थित मिट्स हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड ने इस दीवाली अपने कर्मचारियों को खास तोहफा दिया है। कंपनी के फाउंडर एमके भाटिया और सीईओ शिल्पा चंदेल ने चार कर्मचारियों को किया सोनेट कारें उपहार में दीं।
कारों की चाबियां सौंपते हुए कंपनी प्रबंधन ने कर्मचारियों की मेहनत, लगन और सालभर के योगदान की सराहना की। कंपनी के मुताबिक, कर्मचारियों ने पूरे साल जिम्मेदारी और समर्पण के साथ काम किया।
उनकी उपलब्धियों और कार्य के प्रति प्रतिबद्धता को सम्मान देने के लिए यह विशेष उपहार दिया गया। जिन चार कर्मचारियों को कारें मिलीं, उनमें नितिन, निर्मल, वीनस और गुरवीर शामिल हैं।
कंपनी प्रबंधन ने कहा कि कर्मचारियों की मेहनत किसी भी संस्थान की सफलता का आधार होती है। जब कर्मचारी पूरी निष्ठा से काम करते हैं तो उनकी उपलब्धियों को पहचानना और उन्हें प्रोत्साहित करना भी जरूरी है।
कंपनी में कम से कम 18 महीने से काम कर रहे कर्मचारियों को ही इसमें शामिल किया गया है। एमके भाटिया ने बताया कि पिछले चार वर्षों से कर्मचारियों को कार देने की जो पहल चल रही थी, उसमें कारें ईएमआई पर खरीदकर दी जाती थीं।
कर्मचारी को कार की डाउन पेमेंट करवाने के बाद मासिक किस्त चुकानी होती थी। हालांकि, उनका दावा है कि कार की मासिक किस्त के बराबर कर्मचारी के वेतन में बढ़ोतरी कर दी जाती थी, लेकिन किश्त कर्मचारी को ही देनी पड़ती थी। इस बार व्यवस्था में बदलाव करते हुए एक कर्मचारी को पांच लाख रुपये तक की कार बिना किसी भुगतान के देने का निर्णय लिया गया।
