विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नए और भव्य स्वरूप में नजर आएगा पंचकूला में माता मनसा देवी मंदिर, काशी विश्वनाथ काॅरिडोर की तर्ज पर होगा बदलाव

Published: Sun, 04 Oct 2026 02:16 PM (IST)

पंचकूला का प्रसिद्ध माता मनसा देवी मंदिर अब काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर भव्य स्वरूप में विकसित किया जाएगा। ...और पढ़ें

200 वर्ष से अधिक पुराने शक्तिपीठ में पुनर्विकास का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है।

200 वर्ष से अधिक पुराने शक्तिपीठ में पुनर्विकास का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है।

HighLights

  1. थीम आधारित कुंज और यज्ञशाला होंगे आकर्षण का केंद्र।

  2. शक्ति द्वार से मुख्य मंदिर तक 110 मीटर लंबा 'शक्ति पथ' बनेगा।

  3. तीन एकड़ में 13 करोड़ की लागत से भव्य हनुमान वाटिका।

जागरण संवाददाता, पंचकूला। पंचकूला का प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री माता मनसा देवी मंदिर आने वाले समय में भक्तों को नए और भव्य स्वरूप में नजर आएगा। 200 वर्ष से अधिक पुराने इस शक्तिपीठ को आधुनिक सुविधाओं और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने की दिशा में पुनर्विकास का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र को काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। पुनर्विकास के पहले चरण में शक्ति द्वार से मुख्य मंदिर तक विशेष ‘शक्ति पथ’ तैयार किया जा रहा है।

करीब 110 मीटर लंबे और 15 मीटर चौड़े इस मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। दोनों ओर बैठने के लिए बेंच, वीआइपी प्रवेश मार्ग, लिफ्ट और आकर्षक सीढ़ियों की व्यवस्था की जाएगी।

पहले चरण के इस कार्य पर करीब 5.5 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है और इसे लगभग तीन महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पिछले दिनों माता मनसा देवी मंदिर के आसपास कारिडोर विकसित करने के निर्देश दिए थे।

इसके बाद योजना में कुछ और प्रस्ताव शामिल किए जा रहे हैं। अतिरिक्त उपायुक्त एवं माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड के सीईओ विवेक आर्य ने बताया कि रिवाइज प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद आगे के कार्यों को अमलीजामा पहनाया जाएगा।

तीन एकड़ में बनेगी भव्य हनुमान वाटिका

मंदिर परिसर के आसपास तीन एकड़ क्षेत्र में हनुमान वाटिका विकसित की जाएगी। इसे प्रमुख दर्शनीय स्थल के रूप में विकसित करने की योजना है। वाटिका में अलग-अलग धार्मिक और सांस्कृतिक विषयों पर आधारित कुंज बनाए जाएंगे।

हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की ओर से करीब 13 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से प्रस्तावित हनुमान वाटिका में रघुनंदन कुंज, जानकी कुंज, हनुमान कुंज, तुलसी कुंज, लव-कुश कुंज और नल-नील कुंज विकसित किए जाएंगे।

इसके अलावा यज्ञशाला, आकर्षक फव्वारे और विभिन्न प्रजातियों के पौधे एवं वृक्ष लगाए जाएंगे। इससे वाटिका को धार्मिक, हरित और दर्शनीय स्वरूप देने की योजना है।

भव्य होगा श्राइन बोर्ड का नया कार्यालय

माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड का नया कार्यालय भवन भी बनाया जा रहा है। पुराने कार्यालय भवन को गिराया जा चुका है और नए भवन के लिए बेसमेंट की खुदाई का काम चल रहा है। प्रस्तावित भवन में श्राइन बोर्ड के प्रशासक, सीईओ सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों के बैठने की व्यवस्था होगी।

मंदिर के पुनर्विकास, शक्ति पथ, हनुमान वाटिका और नए कार्यालय भवन के निर्माण से आने वाले समय में माता मनसा देवी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं के साथ-साथ धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को भी नया स्वरूप मिलने की योजना है।