केरल में फंसे हरियाणा के 22 पूर्व सैनिकों को वापस लाएगी मनाेहरलाल सरकार, प्रक्रिया शुरू
हरियाणा सरकार केरल में फंसे राज्य के जवानों को वहां से वापस लाएगी। सीएम मनोहरलाल के आदेश के बाद इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
चंडीगढ़, जेएनएन। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने केरल में फंसे 22 पूर्व सैनिकों को वापस लेकर लाने का आदेश दिया है। इसके बाद इस संंबंध में प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इन पूर्व सैनिकों ने वीडियो संदेश देकर हरियाणा सरकार से गुहार लगाई थी। इससे पहले शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने तमिलनाडु में फंसे हरियाणा के युवाओं तक मदद पहुंचाते हुए उन्हेंं भी वापस बुलाने की घोषणा की थी।
तमिलनाडु में फंसे युवाओं को उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने पहुंचाई मदद
केंद्र सरकार द्वारा देश के विभिन्न राज्यों में फंसे लोगों को अपने गृह राज्यों में वापस लौटने की मंजूरी दिए जाने के बाद हरियाणा सरकार द्वारा भी देश के विभिन्न राज्यों में फंसे हरियाणवी मूल के लोगों से अपील की थी कि वह संबंधित जिला प्रशासन अथवा किसी भी माध्यम से सरकार तक अपनी बात पहुंचाएं।
इसके बाद केरल के कन्नूर में फंसे हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिला निवासी 22 पूर्व सैनिकों ने एक वीडियो जारी कर हरियाणा सरकार से मदद की गुहार लगाई। इन पूर्व सैनिकों ने बताया कि वह 31 मार्च को सेवानिवृत हो चुके हैं लेकिन लॉकडाउन के चलते अभी तक यहीं फंसे हुए है। इन जवानों का वीडियो मुख्यमंत्री तक पहुंचा तो मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ट्वीट करके इन्हेंं जल्द ही हरियाणा लाने का भरोसा दिया।
सीएम के इस ट्वीट के बाद सीएमओ के अधिकारियों ने केरल के मुख्यमंत्री कार्यालय से संपर्क साधकर इन जवानों को हरियाणा लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी दौरान हरियाणा के चरखी दादरी से ट्रेनिंग के लिए तमिलनाडू के तिरूचीपल्ली में गए युवाओं ने उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को टैग करते हुए एक ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने कहा कि उनके पास खाने आदि की कोई व्यवस्था नहीं है। उन्हें वापस बुलाया जाए।
दुष्यंत चौटाला ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए तमिलनाडू सरकार से बातचीत की, जिसके बाद इन युवाओं को तमिलनाडू सीएमओ से न केवल फोन गया बल्कि शुक्रवार की दोपहर उनके खाने आदि का भी प्रबंध हो गया। अब दुष्यंत चौटाला ने तमिलनाडु में फंसे इन युवाओं को हरियाणा लाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।