Haryana BJP: जेपी नड्डा की हरी झंडी के बाद हरियाणा में राजनीतिक नियुक्तियां करेंगे मनोहर लाल
Haryana BJP हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की हरी झंडी मिलने के बाद राज्य में राजनीतिक नियुक्तियां करेंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नड्डा के साथ दिल्ली में करीब एक घंटे तक बैठक की।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। Haryana BJP: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल राज्य में जल्द ही राजनीतिक नियुक्तियां करने की तैयारी में हैं। वह भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की हरी झंडी मिलने के बाद राज्य में राजनीतिक नियुक्तियां करेंगे। बताया जाता है कि इसके लिए अपनी सहमति दे दी है। नड्डा हरियाणा के दौरे पर आ रहे हैं।
संगठन महामंत्री बीएल संतोष की उपस्थिति में राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ एक घंटे तक चली सीएम की बैठक
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शुक्रवार से दो दिवसीय प्रवास पर हरियाणा पहुंचेंगे। इससे ठीक पहले बृहस्पतिवार सुबह मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नड्डा से उनके निवास पर पहुंचकर मुलाकात की। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष की उपस्थिति में हुई बैठक को राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है। एक घंटे तक चली इस बैठक में कई अहम राजनीतिक मसलों पर चर्चा हुई है।
बताया जा रहा है कि नड्डा और संतोष ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को राजनीतिक नियुक्तियों की बाबत हरी झंडी दे दी है। आने वाले समय में मुख्यमंत्री राज्य में राजनीतिक नियुक्तियां कर सकते हैं। इसमें मुख्यमंत्री कार्यालय में भी प्रशासनिक फेरबदल प्रस्तावित है।
नड्डा के दो दिवसीय हरियाणा प्रवास के दौरान गठबंधन को लेकर भी हुई विस्तृत चर्चा
मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने नड्डा के हरियाणा प्रवास के दौरान भाजपा-जजपा गठबंधन को लेकर अपनाए जाने वाली नीति पर भी चर्चा की है। राज्य में भाजपा कार्यकर्ता और नेता गठबंधन के हक में नहीं हैं जबकि केंद्रीय नेतृत्व गठबंधन में ही स्थानीय निकाय की तरह पंचायत चुनाव करवाना चाहता है। फिलहाल भाजपा ने यह निर्णय प्रदेश चुनाव समिति के ऊपर छोड़ दिया है।
पंचायत चुनाव में पिछड़ा वर्ग के आरक्षण पर भी सरकार का पक्ष रखा
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने राज्य में प्रस्तावित पंचायत चुनाव में पिछड़ा वर्ग को राजनीतिक आरक्षण का विवरण भी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को दिया। राज्य सरकार ने पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट को जिस तरह श्रेणीबद्ध कर ज्यादा पिछड़ों को आरक्षण देने की वकालत की है, उसे भी भाजपा राजनीतिक फायदे के रूप में देख रही है। मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष के बीच इस मुलाकात में नड्डा के दो दिवसीय प्रवास की रूपरेखा भी तैयार हो गई है। नड्डा के साथ इस प्रवास में प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ भी रहेंगे। धनखड़ और नड्डा में पुराना संबंध है।