चुनावी मोड पर आई भाजपा ने कसे संगठन के पेंच, बदले लोकसभा और जिलों के प्रभारी
पंचकूला के मोरनी के अंतर्गत थापली में मंथन शिविर के तुरंत बाद भाजपा ने लोकसभा क्षेत्रों और जिलों के प्रभारी बदल दिए हैं।
जेएनएन, चंडीगढ़। पंचकूला के मोरनी के अंतर्गत थापली में मंथन शिविर के तुरंत बाद भाजपा ने लोकसभा क्षेत्रों और जिलों के प्रभारी बदल दिए हैं। चुनावी मोड पर आई भाजपा ने नई नियुक्तियों में जातिगत समीकरणों का पूरा ध्यान रखा है।
हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष सुभाष बराला ने जिन लोगों को नई जिम्मेदारी दी है उनमें सत्ता व संगठन से जुड़े कई नेताओं के नाम शामिल हैं। खासकर लोकसभा प्रभारियों के रूप में बराला ने तीन राज्यमंत्रियों मनीष ग्रोवर, कृष्ण बेदी व नायब सिंह सैनी पर भरोसा जताया। सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर कुरुक्षेत्र, श्रम मंत्री नायब सिंह सैनी करनाल और सामाजिक न्याय मंत्री कृष्ण बेदी सिरसा संसदीय सीट के प्रभारी होंगे।
पर्यटन विकास निगम के चेयरमैन जगदीश चोपड़ा अंबाला, विधायक महीपाल ढांडा सोनीपत, अरविंद यादव रोहतक और पार्टी प्रवक्ता वीर कुमार यादव हिसार लोकसभा क्षेत्र के प्रभारी बनाए गए हैं। विधायक कमल गुप्ता भिवानी-महेंद्रगढ़, दीपक मंगला गुरुग्राम और गोविंद भारद्वाज फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र के प्रभारी होंगे।
जिला प्रभारियों में संजय शर्मा पंचकूला, धुम्मन सिंह किरमच अंबाला, गजेंद्र सलूजा यमुनानगर, सत्यवान शेरा कुरुक्षेत्र, कर्ण सिंह रानौलिया कैथल, रामेश्वर चौहान करनाल, अजय गौड़ पानीपत, संजय भाटिया सोनीपत, ओमप्रकाश अत्रेय जींद और मुकेश गौड़ रोहतक संभालेंगे।
सुरेंद्र तेवतिया झज्जर, श्रीनिवास गोयल सिरसा, ओमप्रकाश पहल हिसार, जवाहर सैनी फतेहाबाद, मनीष मित्तल भिवानी, चेयरमैन भानी राम मंगला दादरी, महेश चौहान महेंद्रगढ़, अजीत यादव रेवाड़ी, सत्यव्रत शास्त्री गुरुग्राम, डीसी यादव मेवात, नीरा तोमर पलवल और गार्गी कक्कड़ को फरीदाबाद की जिला प्रभारी बनाया गया है।
भाजपा अध्यक्ष ने पार्टी के तीन प्रकोष्ठों में भी प्रभारी तैनात किए हैं। अंगद चौरसिया को पूर्वांचल प्रकोष्ठ, ओपी भट्ट को उत्तराखंड प्रकोष्ठ और सुनीता चौहान को घुमंतू जाति प्रकोष्ठ का प्रदेश संयोजक तैनात किया गया है।