विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 03, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कुमारी सैलजा ने CM सैनी को लिखा पत्र, मुख्यमंत्री के सामने सिरसा सांसद ने रखी ये मांगें

Published: Mon, 03 Feb 2025 03:31 PM (IST)

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र लिखकर सांसद कुमारी सैलजा ने नहरों के पुलों पर रेलिंग न होने ...और पढ़ें

सांसद कुमारी सैलजा ने सीएम सैनी को पत्र लिखा है। फाइल फोटो
सांसद कुमारी सैलजा ने सीएम सैनी को पत्र लिखा है। फाइल फोटो

HighLights

  1. सांसद कुमारी सैलजा ने सीएम नायब सिंह सैनी को लिखा पत्र
  2. नहरों के पुल की सुरक्षा दीवार बनाने, रेलिंग और रिफलेक्टर लगाने की मांग की
  3. 'भाखड़ा नहर हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को दी जाए 50-50 लाख रुपये'

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र लिखकर कहा है कि नहरों के पुलों पर रेलिंग न होने के चलते हादसे हो रहे है और लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ रहा है।

इस मामले में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही फतेहाबाद जिला के गांव सरदारेवाला के समीप भाखड़ा नहर में गाड़ी गिरने से मारे गए 12 लोगों के परिवारजनों को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की जाए।

सीएम सैनी को कुमारी सैलजा ने लिखा पत्र

सांसद कुमारी सैलजा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र लिखकर कहा है कि उनके सिरसा लोकसभा क्षेत्र के जिला फतेहाबाद के गांव सरदारेवाला के समीप एक गाड़ी के भाखड़ा नहर में गिरने से 12 लोगों की मौत हो गई, अगर सिंचाई विभाग ने लोगों की मांग पर पहले ही संज्ञान लिया होता तो यह हादसा होने से रोका जा सकता था।

यह भी पढ़ें- 'मेरे विरोधी से CM सैनी की दोस्ती...', तो इस वजह से मुख्यमंत्री से नाराज हैं अनिल विज

कुमारी सैलजा ने कहा है कि सिरसा और फतेहाबाद जिला से होकर गुरजने वाली भाखड़ा नहर पर कई पुल है, यहां पर या तो सुरक्षा दीवार नहीं है या टूटी पडी है, रेलिंग नहीं है, यहां तक कि रिफलेक्टर तक नहीं लगाए गए है।

सिरसा के गांव लोहगढ़ क्षेत्र से गुजरने वाली सरहिंद नहर के पुल की रेलिंग भी टूटी पड़ी है, इस और भी संबधित विभाग के अधिकारियों ने कभी कोई ध्यान ही नहीं दिया, यहां तक लोगों ने इस बारे में अधिकारियों को कई बार अवगत करवाया।

हादसों को बताया अधिकारियों के लापरवाही का नतीजा

सांसद कुमारी सैलजा ने कहा है कि सिरसा जिला के गांव ओढां क्षेत्र में पीरखेडा नहर के पुल पर भी रेलिंग टूटी हुई पड़ी है। इसके साथ ही गांव लोहगढ़ के समीप से होकर गुजरने वाली सरहिंद के पुल पर भी रेलिंग नहीं है।

अगर देखा जाए तो इस प्रकार के सभी हादसे अधिकारियों की लापरवाही का ही नतीजा है। नहरों में जहां पर गहराई ज्यादा है वहां पर रेलिंग और संकेतक जरूर लगाए जाए। कुछ नहर पर नहाने के लिए लोगों ने लंबे समय से अपने हिसाब से स्पाट विकसित किए हुए है, जहां पर हादसे होते रहते है।

कुमारी सैलजा ने मुख्यमंत्री से सर्वे करवाने को कहा

कुमारी सैलजा ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि संबंधित विभाग की एक टीम बनाकर सर्वे करवाया जाए कि नहरों पर कहां-कहां रैलिंग नहीं है, रिफलेक्टर नहीं है, सुरक्षा दीवार नहीं है। जहां पर भी नहीं है वहां पर इनकी व्यवस्था की जाए।

साथ ही विभागीय लापरवाही के चलते जहां पर भी इस प्रकार के हादसे हुए है, वहां के संबधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और गांव सरदारेवाला के समीप नहर में गाड़ी के गिरने से जिनकी मौत हुई है, उनके परिजनों को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की जाए।

यह भी पढ़ें- हरियाणा का 2 लाख करोड़ का बजट पेश करेंगे CM सैनी, गरीबों की भरेगी जेब; इन मुद्दों पर रहेगा ध्यान