आप नेता बोले- मानहानि मामलों पर केजरीवाल सभी नेताओं से मांगेंगे माफी
आप प्रमुख व दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के खिलाफ देशभर में चल रहे करीब बीस मामले चल रहे हैं। वह इन मामलों में माफी मांगेंगे।
जेएनएन, चंडीगढ़। जनहित के मुद्दों पर काम करने के लिए आम आदमी पार्टी ने अपनी रणनीति बदली है। दिल्ली के मुख्यमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल मानहानि के सभी मामलों को माफी मांगकर निपटाएंगे। पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया से माफी मांगने के बाद अब दूसरे नेताओं से चल रहे मामलों को भी अदालत से बाहर निपटाने की कवायद शुरू हो गई है।
यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य सुशील गुप्ता और प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद ने यह बात कही। देशभर में केजरीवाल पर मानहानि के करीब बीस मामले चल रहे हैं। इसके चलते दिल्ली के सीएम सरकारी कामों पर ध्यान नहीं दे पाते, इसलिए सभी विवादों को सुलझाया जाएगा। जयहिंद ने कहा कि केजरीवाल ने भले ही मजीठिया से माफी मांगी है, लेकिन सभी जानते हैं कि उनकी हकीकत क्या है। पार्टी की स्थानीय इकाई उनके खिलाफ मजबूती से लड़ाई जारी रखेगी।
सांसद सुशील गुप्ता ने कहा कि हरियाणा में पार्टी दिल्ली मॉडल पर चलकर सभी लोकसभा व विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। केजरीवाल सरकार द्वारा दिल्ली में कराए गए विकास कार्यों को आधार बनाकर ही हरियाणा में चुनावी रणनीति तैयार की जा रही है। चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों की सूची तैयार करने के लिए कमेटी बनाई गई है।
25 मार्च को हिसार में हो रही हरियाणा बचाओ रैली को लेकर नवीन जयहिंद ने कहा कि गांव-गांव जाकर कार्यकर्ता लोगों को पीले चावल देकर रैली का न्योता दे रहे हैं। वर्तमान सरकार से युवा, किसान, मजदूर, व्यापारी, कर्मचारी तथा महिलाएं बुरी तरह से प्रताड़ित हैं। रैली में हरियाणा की समस्याओं के मुद्दे पर केजरीवाल को चार्जशीट सौंपी जाएगी।
यह भी पढ़ेंः शिक्षा बोर्ड में वित्तीय गोलमाल की होगी विजिलेंस जांच