विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा कांग्रेस के चौपाल अभियान की दिल्ली तक गूंज, केसी वेणुगोपाल ने की सराहना; संजय दत्त ने टीम को दिया श्रेय

Published: Sat, 14 Nov 2026 10:36 PM (IST)

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने हरियाणा कांग्रेस के 'वोट बचाओ-देश बचाओ' चौपाल अभियान की सराहना की है।

हरियाणा कांग्रेस के 'वोट बचाओ' अभियान को दिल्ली में मिली सराहना।

हरियाणा कांग्रेस के 'वोट बचाओ' अभियान को दिल्ली में मिली सराहना।

HighLights

  1. केसी वेणुगोपाल ने हरियाणा कांग्रेस के अभियान की प्रशंसा की।

  2. 'वोट बचाओ-देश बचाओ' चौपाल अभियान की समीक्षा की गई।

  3. संजय दत्त ने पूरी हरियाणा कांग्रेस को श्रेय दिया।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस में संगठनात्मक सक्रियता और गांवों तक राजनीतिक पहुंच बनाने की मुहिम को पार्टी हाईकमान ने सराहा है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने हरियाणा में चल रहे 'वोट बचाओ-देश बचाओ' चौपाल अभियान की प्रशंसा करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त के प्रयासों और हरियाणा कांग्रेस के सामूहिक योगदान को उल्लेखनीय बताया।

शनिवार शाम को केसी वेणुगोपाल ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये देशभर में संचालित चौपाल अभियान की समीक्षा की। बैठक में एआईसीसी के महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी, सभी राज्यों के कांग्रेस अध्यक्ष और पार्टी पर्यवेक्षक शामिल हुए। बैठक का उद्देश्य 'वोट बचाओ-देश बचाओ' अभियान को गांवों की चौपाल तक पहुंचाने और उसकी प्रगति की समीक्षा करना था।

इस दौरान हरियाणा के अभियान की विशेष रूप से चर्चा हुई। वेणुगोपाल ने कहा कि हरियाणा में पार्टी के वरिष्ठ नेता, सांसद और विधायक गांवों की चौपालों तक पहुंचकर लोगों को वोट चोरी और मतदाता अधिकारों के प्रति जागरूक कर रहे हैं। कांग्रेस हाईकमान को कई सांसदों, विधायकों और पार्टी के प्रमुख नेताओं ने भी इस अभियान को लेकर सकारात्मक रिपोर्ट दी है। इससे प्रदेश संगठन की सक्रियता सामने आई है।

वेणुगोपाल की सराहना के बाद पार्टी के अनेक नेताओं और पदाधिकारियों ने प्रदेश प्रभारी संजय दत्त को फोन कर बधाई दी। हालांकि, संजय दत्त ने इस उपलब्धि का श्रेय स्वयं लेने के बजाय इसे अपनी जिम्मेदारी बताते हुए पूरी हरियाणा कांग्रेस को समर्पित किया।

उन्होंने कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि हरियाणा कांग्रेस परिवार का है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस विधायक दल के नेता, हरियाणा से एआईसीसी महासचिव, स्थायी सीडब्ल्यूसी सदस्य, सांसदों, विधायकों और पार्टी के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना की।

संजय दत्त ने विश्वास जताया कि अभी संगठन को और मजबूत करने तथा जनता के बीच पहुंच बढ़ाने के लिए लंबा रास्ता तय करना है। सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों से हरियाणा में कांग्रेस को फिर से नंबर एक बनाया जाएगा। पार्टी नेतृत्व की इस सराहना को प्रदेश कांग्रेस के लिए संगठनात्मक उत्साह बढ़ाने वाला माना जा रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।