कोहरे के कारण 2 दिसंबर से कालका से वैष्णो देवी जाने वाली ट्रेन रद, चंडीगढ़ से चलने वाली ट्रेनें भी रहेंगी प्रभावित
कोहरे और धुंध के कारण रेलवे के अंबाला मंडल ने कालका-कटरा ट्रेन को 2 दिसंबर से 27 फरवरी तक रद ...और पढ़ें

कालका-कटरा ट्रेन 2 दिसंबर से 27 फरवरी तक रहेगी रद। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
रेलवे के अंबाला मंडल ने जारी किया शेड्यूल।
विभिन्न ट्रेनों के संचालन में बदलाव।
ट्रेनें दो दिसंबर से 27 फरवरी तक रहेंगी रद।
संवाद सहयोगी, कालका (पंचकूला)। सर्दियों में कोहरे और धुंध के कारण रेल यात्रियों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। रेलवे के अंबाला मंडल ने दिसंबर से मार्च तक विभिन्न ट्रेनों के संचालन में बदलाव और कुछ ट्रेनों को रद करने का शेड्यूल जारी किया है। इसका असर कालका से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटरा जाने वाले यात्रियों पर भी पड़ेगा।
रेलवे विभाग के अनुसार, कोहरे के कारण ट्रेनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए यह फैसला लिया गया है। इस दौरान कुछ ट्रेनें पूरी तरह रद रहेंगी, जबकि कुछ का संचालन निर्धारित स्टेशनों तक ही किया जाएगा। जारी शेड्यूल के मुताबिक, माता वैष्णो देवी कटड़ा से कालका के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 14504 प्रत्येक बुधवार और शनिवार को संचालित होती है।
यह ट्रेन 2 दिसंबर से 27 फरवरी तक रद रहेगी। इसी तरह कालका से कटरा जाने वाली ट्रेन प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को चलती है। ट्रेन का संचालन 1 दिसंबर से 26 फरवरी तक बंद रहेगा। इसके अलावा चंडीगढ़ से चलने वाली करीब 20 अन्य ट्रेनों को भी फरवरी तक रद करने का शेड्यूल जारी किया गया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, कोहरे की स्थिति को देखते हुए ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा की योजना बनाने से पहले संबंधित ट्रेन का स्टेटस और समय-सारणी जरूर जांच लें, ताकि स्टेशन पहुंचने के बाद किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।