विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देवीलाल जयंती के बहाने दमखम दिखाने की तैयारी में जेजेपी, संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज

Published: Wed, 09 Sep 2026 07:47 PM (IST)

विधानसभा चुनाव में हाशिये पर पहुंची जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) 25 सितंबर को चौधरी देवीलाल की 113वीं जयंती मनाकर संगठन को फिर से सक्रिय कर रही है।

देवीलाल जयंती के बहाने जेजेपी फिर दमखम दिखाने की तैयारी में है।

देवीलाल जयंती के बहाने जेजेपी फिर दमखम दिखाने की तैयारी में है।

HighLights

  1. जेजेपी 25 सितंबर को देवीलाल जयंती मनाकर संगठन सक्रिय करेगी।

  2. ऐलनाबाद में प्रतिमा अनावरण, सिरसा में जिला कार्यालय उद्घाटन होगा।

  3. पार्टी निचले स्तर पर संगठन मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। विधानसभा चुनाव में राजनीतिक हाशिये पर पहुंच चुकी जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) अब संगठन को दोबारा सक्रिय करने की कोशिश में है। पार्टी ने 25 सितंबर को जननायक चौधरी देवीलाल की 113वीं जयंती को प्रदेशभर में कार्यक्रमों के जरिए मनाने का फैसला किया है।

इसके जरिए जेजेपी अपने परंपरागत सामाजिक आधार- किसान, गरीब और कमेरे वर्ग के बीच फिर से राजनीतिक उपस्थिति दर्ज कराने की कोशिश करती दिखाई देगी।

दिल्ली में बुधवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय हुआ कि ऐलनाबाद में स्व. देवीलाल की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा, जबकि सिरसा में पार्टी के जिला कार्यालय का उद्घाटन होगा।

प्रदेशभर में देवीलाल की प्रतिमाओं की साफ-सफाई और 25 सितंबर को वहां सभाएं आयोजित करने की योजना है। इन कार्यक्रमों का महत्व इसलिए अधिक है क्योंकि पार्टी के लिए स्व. देवीलाल की विरासत केवल स्मृति नहीं, बल्कि अपने राजनीतिक अस्तित्व और सामाजिक पहचान का सबसे महत्वपूर्ण आधार है।

बैठक में अजय चौटाला ने पदाधिकारियों को सक्रियता बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने के निर्देश दिए। पार्टी ने जिला अध्यक्षों को पहचान पत्र वितरित किए और जल्द ही बूथ लेवल एजेंटों को भी पहचान पत्र देने का निर्णय लिया। यह संकेत है कि जेजेपी अब बड़े राजनीतिक आयोजनों की बजाय संगठन की सबसे निचली इकाई को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है।

पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला समेत प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारियों की मौजूदगी में संगठन और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा हुई। बैठक में किसी तत्काल चुनावी रणनीति की बजाय संगठन को पुनर्गठित करने पर जोर दिया गया। स्व. देवीलाल, अजय सिंह चौटाला के दादा और दुष्यंत चौटाला के परदादा हैं।

ऐसे में देवीलाल की जयंती पर दोनों पीढ़ियों की मौजूदगी जेजेपी के लिए राजनीतिक विरासत को मौजूदा संगठन से जोड़ने का अवसर भी है। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा, हरियाणा खादी बोर्ड के पूर्व चेयरमैन राजेंद्र लितानी, पूर्व विधायक रमेश खटक, अमरजीत ढांडा, राजदीप फौगाट और गंगाराम पटौदी ने संबोधित किया।

यह भी पढ़ें- हरियाणा रोडवेज में पुलिसकर्मी फ्री बस यात्रा के पात्र नहीं, इन कर्मचारियों को भी नहीं मिलेगी मुफ्त यात्रा की सुविधा