JIO ने Airtel से जोड़े करीब 10 गुना ज्यादा कोर मोबाइल ग्राहक; एक्टिव यूजर्स में भी बढ़त
सितंबर में रिलायंस जियो ने एयरटेल के मुकाबले लगभग 10 गुना अधिक मोबाइल ग्राहक जोड़े, जिससे बाजार में उसकी मजबूत पकड़ बनी रही।
-1793452180507_m.webp)
अपने परिवार के साथ उद्योगपति मुकेश अंबानी। फोटो- सोशल मीडिया
HighLights
जियो ने एयरटेल से 10 गुना अधिक मोबाइल ग्राहक जोड़े।
सितंबर में जियो के 19 लाख नए ग्राहक बने।
सक्रिय यूजर्स में भी जियो की संख्या 13 लाख बढ़ी।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। शेयर बाजार में दमदार लिस्टिंग के बाद रिलायंस जियो के लिए मोबाइल ग्राहकों के मोर्चे पर भी अच्छी खबर है। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण की सितंबर की रिपोर्ट के मुताबिक, मशीन-टू-मशीन कनेक्शन हटाने पर जियो के मोबाइल ग्राहकों की संख्या 19 लाख बढ़ी, जबकि एयरटेल के ग्राहकों में दो लाख की बढ़ोतरी हुई। यानी जियो ने एयरटेल के मुकाबले करीब 10 गुना ज्यादा कोर मोबाइल ग्राहक जोड़े।
देश में इस श्रेणी के मोबाइल ग्राहकों की कुल संख्या 22 लाख बढ़ी है, जिसमें अकेले जियो की हिस्सेदारी करीब 86 फीसदी रही। एक्टिव मोबाइल यूजर्स के मामले में भी जियो ने मजबूत प्रदर्शन किया।
तीन लाख एक्टिव यूजर्स कम हुए
डीएएम कैपिटल की रिपोर्ट के मुताबिक, मशीन टू मशीन कनेक्शन हटाकर की गई गणना में सितंबर के दौरान जियो के एक्टिव यूजर्स की संख्या 13 लाख बढ़ी, जबकि एयरटेल व वोडाफोन आइडिया के एक्टिव यूजर्स घटे।
एयरटेल के दो लाख और वोडाफोन आइडिया के तीन लाख एक्टिव यूजर्स कम हुए। इस आधार पर देशभर में एक्टिव मोबाइल यूजर्स की कुल संख्या में छह लाख की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
एयरटेल का ग्राहक आधार 49.43 करोड़
कुल मोबाइल ग्राहक संख्या के मामले में भी जियो ने अपनी बढ़त बरकरार रखी। प्राधिकरण के आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर के अंत में जियो के पास 51.11 करोड़ मोबाइल ग्राहक थे, जबकि एयरटेल का ग्राहक आधार 49.43 करोड़ रहा।
वहीं, वोडाफोन आइडिया के 20.01 करोड़ और सरकारी टेलीकाम कंपनी बीएलएनएल के 9.43 करोड़ मोबाइल ग्राहक थे। इन कुल आंकड़ों में मशीन टू मशीन कनेक्शन भी शामिल हैं।