Move to Jagran APP

19 विधायकों वाले INLD में बचे मात्र चार, जगदीश यादव व रवींद्र बलियाला भी BJP में

कोसली से इनेलो के टिकट पर चुनाव लड़ते रहे पूर्व मंत्री जगदीश यादव और सिरसा जिले के रतिया विधानसभा सीट से मौजूदा इनेलो विधायक प्रो. रवींद्र बलियाला भाजपा में शामिल हो गए हैं।

By Kamlesh BhattEdited By: Published: Fri, 02 Aug 2019 01:09 PM (IST)Updated: Fri, 02 Aug 2019 05:56 PM (IST)
19 विधायकों वाले INLD में बचे मात्र चार, जगदीश यादव व रवींद्र बलियाला भी BJP में

जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र से पहले इनेलो को बड़ा झटका लगा। रेवाड़ी जिले की कोसली विधानसभा सीट से इनेलो के टिकट पर चुनाव लड़ते रहे पूर्व मंत्री जगदीश यादव और सिरसा जिले के रतिया विधानसभा सीट से मौजूदा इनेलो विधायक प्रो. रवींद्र बलियाला भाजपा में शामिल हो गए। इन दोनों इनेलो नेताओं को मुख्यमंत्री मनोहर लाल और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई। 19 विधायकों वाली पार्टी इनेलो में अब अभय सिंह चौटाला के साथ उन समेत मात्र चार विधायक बाकी बचे हैं।

loksabha election banner

टिकट की गारंटी पर नहीं कराया जा रहा शामिल : सीएम

चंडीगढ़ स्थित भाजपा कार्यालय में प्रो. रवींद्र बलियाला और जगदीश यादव को पार्टी में शामिल कराने के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि किसी भी नेता को टिकट की गारंटी के साथ भाजपा में शामिल नहीं कराया जा रहा। यह भाजपा की नीतियों के प्रति आस्था, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व हमारी सरकार के कामकाज पर मुहर है।

राव इंद्रजीत के धुर विरोधी हैं यादव

जगदीश यादव अहीरवाल के कद्दावर नेता हैं, जिनकी गिनती केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत के धुर विरोधियों में होती है। 1996 में पहली बार चुनाव जीतकर जगदीश यादव बंसीलाल सरकार में मंत्री बने थे। उसके बाद वे लगातार कोसली से इनेलो के टिकट पर चुनाव लड़ रहे। पहले वह कांग्रेस से हारे और फिर भाजपा से। पिछले लोकसभा चुनाव में जगदीश यादव ने खुलकर भाजपा के रोहतक से उम्मीदवार डॉ. अरविंद शर्मा का समर्थन किया था। अरविंद शर्मा कोसली विधानसभा क्षेत्र से काफी अधिक अंतर से चुनाव जीते हैं।

बलियाला ओमप्रकाश चौटाला के थे विश्वास पात्र

प्रो. रवींद्र बलियाला की गिनती पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला तथा अभय सिंह चौटाला के विश्वासपात्रों में होती रही है। उनकी पिछले दिनों भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला से मुलाकात हुई थी, लेकिन तब उन्होंने भाजपा में शामिल होने की संभावना को खारिज कर दिया था। प्रो. रवींद्र बलियाला के भाजपा में शामिल होने के बाद इनेलो विधायक दल के नेता अभय सिंह चौटाला के पास अब मात्र चार विधायक बचे हैं। 

इनेलो छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले विधायकों में रणबीर गंगवा, जाकिर हुसैन, परमिंदर सिंह ढुल, केहर सिंह रावत, बलवान सिंह दौलतपुरिया और अब प्रो. रवींद्र बलियाला शामिल हैं। इनेलो के विधायकों की संख्या पहले 19 होती थी। दो विधायकों स. जसविंद्र सिंह संधू और डॉ. हरिचंद मिढा का देहावसान हो चुका है। चार विधायक नैना सिंह चौटाला, पिरथी नंबरदार, अनूप सिंह धानक और राजदीप फौगाट जननायक जनता पार्टी के साथ हैं। एक भाजपा विधायक नगेंद्र सिंह भड़ाना हालांकि इनेलो में ही हैं, लेकिन पहले दिन से ही वे भाजपा के पाले में खड़े हुए हैं।

इनेलो छोड़ कांग्रेस में गए नसीम के भाजपा में शामिल होने की संभावना

एक इनेलो विधायक नसीम अहमद कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं, लेकिन जल्द ही उनके भी भाजपा में शामिल होने की संभावना है। इनेलो विधायक रामचंद्र कांबोज पार्टी से इस्तीफा दे चुके हैं, लेकिन अभी तक किसी पार्टी में शामिल नहीं हुए। उनके जल्द ही भाजपा में शामिल होने की संभावना है। अभय सिंह चौटाला के साथ अब बरवाला के विधायक वेद नारंग, सिरसा के विधायक मक्खन सिंगला और लोहारू के विधायक ओमप्रकाश बारवा ही बचे हैं।

राव इंद्रजीत के खिलाफ होगा जगदीश यादव का इस्तेमाल

दक्षिण हरियाणा की राजनीति में रामपुरा हाउस का पूरा दखल रहा है, लेकिन जगदीश यादव एंटी रामपुरा हाउस की राजनीति करते आए हैं। जिन कांग्रेस और बीजेपी उम्मीदवार से जगदीश यादव को हार का सामना करना पड़ा, वह रामपुरा हाउस के नेता व केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत के समर्थन से विधानसभा में पहुंचे थे। अब राव इंद्रजीत भाजपा में हैं और जगदीश यादव भी भाजपा में शामिल हो रहे हैं तो माना जा रहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपनी ताकत बढ़ाने के लिए जगदीश यादव को भाजपा में शामिल कराया है।

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें 

अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.