मनो सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर विधायकों से राय लेगा इनेलो
इनेलो राज्य की मनोहरलाल सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के बारे में विधायकों की राय लेगा। प्रदेश कार्यकारिणी और विधायक दल की बैठक में इस पर चर्चा होगी।
जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा के प्रमुख विपक्षी दल इनेलो की प्रदेश कार्यकारिणी और विधायक दल की बैठक में सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ आंदोलन के अगले चरण की घोषणा की जाएगी। अभय सिंह चौटाला की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में 7 सितंबर से शुरू होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा। साथ ही मौजूदा सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की पेशकश पर भी विधायकों से राय जी सकती है।
अभय चौटाला ने आज चंडीगढ़ में बुलाई इनेलो विधायक दल और प्रदेश कार्यकारिणी की अहम बैठक
चंडीगढ़ के जाट भवन में होने वाली बैठक में पार्टी के सभी विधायकों, प्रदेश पदाधिकारियों, जिला, हलका एवं शहर अध्यक्षों और विभिन्न सेल के संयोजकों को बुलाया गया है। पहले यह बैठक 17 अगस्त को होनी थी, लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के देहावसान और मानसून सत्र स्थगित होने की वजह से बैठक अब 20 अगस्त को रखी गई है।
सरकार के चार साल के कार्यकाल के बाद अधिकतर विधायक अविश्वास प्रस्ताव के हक में नहीं
बैठक में यह भी तय होगा कि उप प्रधानमंत्री स्व. देवीलाल की जयंती पर 25 सितंबर को राज्य स्तरीय समारोह किस जिले में किया जाएगा। बैठक में एसवाईएल नहर निर्माण के लिए सरकार पर दबाव बनाने को आंदोलन के अगले प्रारूप पर चर्चा हो सकती है।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान जाकर नवजोत सिंह सिद्धू को याद आए अटल, जानिए- क्या कहा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रमुख विपक्षी दल के नाते इनेलो को विधानसभा में सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की पेशकश दे रखी है। बैठक में अभय सिंह चौटाला और प्रदेश अध्यक्ष अशोक अरोड़ा इस पेशकश पर अपनी पार्टी के विधायकों की राय पूछेंगे।
कुछ विधायकों का मानना है कि राज्य में चूंकि चुनाव नजदीक हैैं, इसलिए इस समय अविश्वास प्रस्ताव लाना राजनीतिक लिहाज से उचित नहीं होगा। क्योंकि सभी दल अपने-अपने ढंग से चुनाव की तैयारी में जुटे हैैं और चार साल बाद अविश्वास प्रस्ताव लाने का कोई औचित्य नहीं है। कुछ विधायक मानते हैैं कि चुनाव से पहले ही अविश्वास प्रस्ताव लाकर लोगों में संदेश देना चाहिए। इससे कांग्रेस की पोल खुलने में भी मदद मिलेगी।
यह भी पढ़ें: पाक आर्मी चीफ को झप्पी देना सिद्धू पर पड़ा भारी, अब दे रहे सफाई, कैप्टन भी हुए गरम
'' चंडीगढ़ में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक होगी, जिसमें मुख्य रूप से ताऊ देवीलाल के सम्मान में राज्य स्तरीय जयंती समारोह का स्थान तय होगा। प्रदेश के अन्य तमाम मसलों पर भी चर्चा की जाएगी। मानसून सत्र की तैयारियां भी बैठक का अहम बिंदु रहेगा।
- अशोक अरोड़ा, अध्यक्ष, हरियाणा इनेलो।