विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में मोबाइल पर मिलेगी सरकारी अस्पतालों की जानकारी, डिजिटल मैप पर एक क्लिक पर दिखेगा पूरा नेटवर्क

Published: Sun, 01 Nov 2026 08:11 PM (IST)

हरियाणा सरकार सभी सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को डिजिटल मैप से जोड़ रही है, जिससे नागरिक आसानी से आसपास की स्वास्थ्य सुविधाओं का पता लगा सकेंगे।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी।

HighLights

  1. सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान डिजिटल मैप से जुड़ेंगे।

  2. जीआईएस तकनीक से मिलेगी अस्पतालों की सटीक जानकारी।

  3. नागरिक आसानी से आसपास की स्वास्थ्य सुविधाएँ ढूंढ सकेंगे।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में अब सरकारी अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्रों की लोकेशन (स्थान) ढूंढना आसान हो सकता है। प्रदेश सरकार सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को एक डिजिटल मैप से जोड़ने की तैयारी कर रही है। इसके बाद लोग एक क्लिक करके जान सकेंगे कि उनके आसपास कौन-सा सरकारी अस्पताल, स्वास्थ्य केंद्र या आयुष सुविधा उपलब्ध है।

इस योजना के तहत प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी), उप-स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष संस्थानों का डिजिटल रिकार्ड तैयार किया जाएगा। इसके लिए जियोग्राफिकल इन्फार्मेशन सिस्टम (जीआईएस) तकनीक की मदद ली जाएगी।

इस प्लेटफार्म पर स्वास्थ्य संस्थानों की लोकेशन, जरूरी जानकारी और तस्वीरें भी उपलब्ध होंगी। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डा. सुमिता मिश्रा ने रविवार को चंडीगढ़ में अधिकारियों के साथ बैठक कर इस योजना की प्रगति की समीक्षा की।

किन इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाएं पर्याप्त?

बैठक में प्रदेशभर के स्वास्थ्य संस्थानों की मैपिंग से जुड़ा डेटा भी दिखाया गया। इस डिजिटल व्यवस्था का फायदा सिर्फ आम लोगों को ही नहीं, बल्कि सरकार और स्वास्थ्य विभाग को भी मिलेगा। मैप के जरिए अधिकारियों को पता चल सकेगा कि किन इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाएं पर्याप्त हैं और कहां अस्पतालों या स्वास्थ्य केंद्रों की जरूरत है।

इससे नए संस्थान खोलने, पुराने अस्पतालों में सुविधाएं बढ़ाने और जरूरी निवेश की योजना बनाने में मदद मिलेगी। डा. मिश्रा ने सभी संबंधित विभागों का डेटा एक ही प्लेटफार्म पर लाने और इसे आम जनता के लिए उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

स्वास्थ्य सुविधाओं की बेहतर योजना तैयार करना सरकार का उद्देश्य

इस पूरी व्यवस्था में हरियाणा अंतरिक्ष उपयोग केंद्र (एचएआरएसएसी) तकनीकी मदद करेगा। यह संस्था डिजिटल डेटा को संभालने और दूसरे सरकारी विभागों के साथ जानकारी साझा करने में सहयोग देगी। सरकार की इस पहल का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी जानकारी को आसान बनाना और प्रदेश के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की बेहतर योजना तैयार करना है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।