हुड्डा का ऐलान- सरकार बनी तो छह घंटे में करेंगे किसानों के कर्ज माफ, विस में मनोहर को घेरा
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हरियाणा में किसान कर्जमाफी के मुद्दे को गर्मा दिया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनी तो छह घंटे के अंदर किसानों के कर्ज माफ होंगे।
चंडीगढ़, जेएननएन। हरियाणा में भी किसानाें की कर्जमाफी का मामला गर्मा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कांग्रेस ने इस मामले को जाेर-शोर से उठाकर अगले चुनाव को इसे अहम मुद्दा बनाने के साफ संकेत दिया है। हुड्डा ने ऐलान किया है कि राज्य में उनकी सरकार बनने पर किसानों के कर्ज छह घंटे के अंदर माफ किए जाएंगे। उन्होंने विधानसभा में भी आज सरकार पर किसानों की कर्जमाफी के लिए दबाव बनाया। उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल से सीधे सवाल किया कि सरकार यह बताए कि वह किसानों का कर्ज माफ करेगी अथवा नहीं।
कहा- कांग्रेस की सरकार बनते ही छह घंटे में कर्जे माफ, 12 घंटे में पेंशन तीन हजार
विधानसभा के शीतकालीन सत्र में भागीदारी के बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए हुड्डा ने कहा कि इनेलो और भाजपा आपस में मिले हुए हैं। किसी ने भी किसानों के हित की कोई बात नहीं की। सदन का सारा समय अनावश्यक बातों पर बर्बाद कर दिया गया।
हुड्डा ने कहा, 'मैैंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल से सीधा सवाल पूछा था कि वह किसानों के कर्ज माफ कर रहे हैैं या नहीं, लेकिन मुख्यमंत्री की तरफ से कोई जवाब नहीं आया। इसका मतलब साफ है कि सरकार किसानों के हित और उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर कतई भी गंभीर नहीं है।'
धनखड़ के आरोप पर हुड्डा ने कहा ठग को ठग ही नजर आते हैैं
हुड्डा ने कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ द्वारा कांग्रेसियों को ठग कहे जाने से जुड़े सवाल पर कहा कि जो जिस तरह के होते हैैं, उन्हें सब वैसे ही नजर आते हैैं। ठगी तो भाजपा ने किसानों के साथ है। यह कृषि मंत्री और उनकी पार्टी के लोग पहले कपड़े निकालकर किसानों के हितों का दम भरते थे। सत्ता में आने के बाद उन्होंने किसानों के साथ मजाक शुरू कर दिया है। उन्होंने राज्य सरकार पर 154 वादों में से कोई भी पूरा नहीं करने का भी आरोप लगाया है। हुड्डा ने मनोहर से पूछा, आप कर्ज माफ करेंगे या नहीं
हुड्डा ने भाजपा सरकार पर साढ़े चार साल में एक भी वादा पूरा नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के छह घंटे के भीतर किसानों के सहकारी व राष्ट्रीयकृत बैैंकों के समस्त कर्ज माफ किए करेंगे। उन्होंने 12 घंटे के भीतर बुढ़ापा पेंशन तीन हजार रुपये मासिक तथा बिजली के रेट आधे करने की भी घोषणा की। इससे पहले बृहस्पतिवार को भी उन्होंने मनोहरलाल सरकार पर हमला किया था।
हुड्डा ने भाजपा सरकार पर बिजली घोटाले करने के खुले आरोप भी जड़े। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सत्ता में आने पर सरकार के बिजली घोटालों की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन स्कीम बहाल करने का भी एलान किया है।
हुड्डा ने कर्मचारियों की रिटायरमेंट आयु 58 साल से बढ़ाकर 60 वर्ष करने की घोषणा करते हुए कहा कि सरकार तीन साल का एचआरए हजम कर गई। कर्मचारियों के पीएफ के 200 करोड़ रुपये अभी तक उन्हें नहीं दिए गए। भूमाफिया सरकार के संरक्षण में काम कर रहा है। फरीदाबाद व गुरुग्र्राम में जमीनें छोड़ी जा रही हैैं। फरीदाबाद में 60 एकड़ जमीन रिलीज की गई है।