विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एक फोन कॉल पर दर्ज होगी शिकायत, हरियाणा में HSVP के 3.25 लाख अलाॅटीज के लिए अच्छी खबर

Published: Mon, 16 Nov 2026 07:13 PM (IST)

एचएसवीपी 3.25 लाख आवंटियों और आम नागरिकों के लिए टेलीफोन आधारित हेल्पलाइन शुरू कर रहा है। यह सेवा पानी, सीवरेज, ...और पढ़ें

एचएसवीपी टेलीफोन आधारित हेल्पलाइन और शिकायत प्रबंधन प्रणाली शुरू करने जा रहा। (सांकेतिक फोटो)

एचएसवीपी टेलीफोन आधारित हेल्पलाइन और शिकायत प्रबंधन प्रणाली शुरू करने जा रहा। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. टोल फ्री नंबर 1800-180-3030 तय किया गया।

  2. सुबह 8 से रात 8 बजे तक दर्ज करा सकेंगे शिकायत।

  3. पानी, सीवरेज, सड़क, पार्क की शिकायतों का होगा समाधान

जागरण संवाददाता, पंचकूला। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के कार्यालयों के चक्कर लगाने से अलॉटीज और आम नागरिकों को जल्द राहत मिल सकती है। प्राधिकरण प्रदेशभर के करीब 3.25 लाख अलॉटीज और आम नागरिकों के लिए टेलीफोन आधारित हेल्पलाइन और शिकायत प्रबंधन प्रणाली शुरू करने जा रहा है।

इसके लिए काॅल सेंटर सेवाएं आउटसोर्स करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्राधिकरण ने भारतीय काॅल सेंटर कंपनियों से ऑनलाइन टेंडर आमंत्रित किए हैं। हेल्पलाइन के लिए टोल फ्री नंबर 1800-180-3030 तय किया गया है।

इस पर फोन कर एचएसवीपी से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने के साथ शिकायत भी दर्ज कराई जा सकेगी। पानी, सीवरेज, सड़क और पार्कों से संबंधित समस्याएं भी इस प्रणाली के तहत दर्ज होंगी। लोगों को शिकायत दर्ज कराने के लिए संबंधित कार्यालयों में व्यक्तिगत रूप से जाने की जरूरत नहीं होगी।

सुबह 8 से रात 8 बजे तक सेवा

काॅल सेंटर सप्ताह के सातों दिन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक चलेगा। होली और दीवाली को छोड़कर राष्ट्रीय और सरकारी छुट्टियों में भी सेवा उपलब्ध रहेगी। शुरुआत में यहां 10 सीटें होंगी और 12 घंटे की अवधि में 10 एजेंट तैनात रहेंगे। कर्मचारी हिंदी और अंग्रेजी में लोगों की समस्याएं सुनेंगे और सवालों के जवाब देंगे।

नहीं उठी काॅल तो किया जाएगा वापस संपर्क

इनबाउंड कॉल के जरिए नागरिक जानकारी ले सकेंगे और शिकायत दर्ज करा सकेंगे। जरूरत पड़ने पर काॅल सेंटर कर्मचारी एचएसवीपी के संबंधित अधिकारियों से संपर्क करेंगे। सभी एजेंट व्यस्त होने के कारण किसी नागरिक की काॅल नहीं उठ पाने पर उसे वापस काॅल की जाएगी।

पानी के बिलों के भुगतान की याद दिलाने के लिए अलॉटीज को आउटबाउंड काल और मोबाइल पर एसएमएस अलर्ट भी भेजे जाएंगे। सेवा प्रदाता को काॅल रिकाॅर्ड मैनेजमेंट सिस्टम (सीआरएम) और ग्रिवांस मैनेजमेंट सिस्टम (जीएमएस) उपलब्ध कराना होगा, ताकि काॅल और शिकायतों का पूरा रिकाॅर्ड रखा जा सके।

काॅल सेंटर का इंफ्रास्ट्रक्चर और कर्मचारियों की व्यवस्था कंपनी की जिम्मेदारी होगी। टोल फ्री नंबर सभी मोबाइल और लैंडलाइन नेटवर्क पर उपलब्ध कराने के साथ संचालन का खर्च भी सेवा प्रदाता को उठाना होगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।