हरियाणा में HSVP के 4362 अलाॅटीज के लिए आखिरी मौका, एन्हांसमेंट में छूट का 31 दिसंबर तक उठाएं लाभ
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने 'विवादों से समाधान' योजना के तहत 4362 आवंटीज को एन्हांसमेंट शुल्क पर 724 करोड़ रुपये की छूट का अंतिम अवसर दिया है। 31 दिसंबर तक योजना का लाभ उठा सकते हैं।

एन्हांसमेंट के लंबे समय से चले आ रहे विवादों से अलाॅटीज को राहत देने की तैयारी। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
एचएसवीपी की 'विवादों से समाधान' योजना का अंतिम मौका।
4362 आवंटीज को 724 करोड़ रुपये की छूट मिलेगी।
31 दिसंबर तक आवेदन न करने पर प्लॉट जब्त होंगे।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने एन्हांसमेंट (प्लाॅट की बढ़ी हुई कीमत) के लंबे समय से चले आ रहे विवादों से अलाॅटीज को राहत दिलाने के लिए आखिरी मौका दिया है।
विवादों से समाधान योजना के तहत 103 सेक्टरों के लगभग 4362 लाभार्थी 31 दिसंबर तक आवेदन कर सकते है। अलाॅटीज को कुल 724 करोड़ रुपये की छूट प्रदान की जाएगी।
योजना का लाभ उन पात्र आवंटियों को भी मिलेगा, जो पूर्व में शुरू की गई योजनाओं का लाभ नहीं उठा सके थे। आवासीय प्लॉट्स, फ्लोर-वाइज पंजीकरण, ग्रुप हाउसिंग, संस्थागत (इंस्टीट्यूशनल) और औद्योगिक प्लाॅट्स के आवंटी पात्र होंगे।
वेबसाइट पर लें पूरी जानकारी
प्राधिकरण ने सभी पात्र आवंटीज से निर्धारित समय सीमा के भीतर योजना का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया है। योजना का लाभ उठाने के लिए आवंटी अपने प्लाॅट आईडी और पासवर्ड का इस्तेमाल कर एचएसवीपी पोर्टल https://vsss.hsvphry.org.in/ पर अपनी निर्धारित छूट राशि देख सकते हैं।
पोर्टल के माध्यम से भी दर्ज करा सकते अनुरोध
साथ ही एचएसवीपी एस्टेट कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं अथवा पोर्टल के माध्यम से अपना अनुरोध दर्ज करा सकते हैं। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई डिफाॅल्टर (बकायेदार) आवंटी निर्धारित अवधि के भीतर योजना का लाभ नहीं लेता है तो उसके प्लॉट के पुन: अधिग्रहण की कार्रवाई शुरू की जाएगी। ऐसे में पात्र आवंटियों के पास नए साल से पहले योजना का लाभ उठाने का अवसर है।