अभय चौटाला के खिलाफ केस दर्ज कराएंगे भूपेंद्र हुड्डा, कहा- कोर्ट में घसीटूंगा
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अभय सिंह चौटाला के खिलाफ मानहानि और आपराधिक मुकदमा दर्ज कराने का फैसला किया है।

भूपेंद्र हुड्डा और अभय चौटाला के बीच जुबानी जंग अब कानूनी लड़ाई में बदली।
HighLights
हुड्डा अभय चौटाला पर मानहानि का मुकदमा करेंगे
चौटाला ने हुड्डा पर भाजपा के लिए काम करने का आरोप
हुड्डा ने आरोपों को झूठा बताया, कानूनी कार्रवाई की तैयारी
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा में विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा तथा इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला के बीच जुबानी जंग अब कानूनी लड़ाई की ओर बढ़ चली है।
इनेलो सुप्रीमो ने आरोप लगाया था कि हुड्डा अपने खिलाफ दर्ज मुकदमों के चलते केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ मिलकर भाजपा के लिए काम करते हैं। इसे लेकर हुड्डा ने उनके खिलाफ मानहानि और आपराधिक मुकदमा दर्ज कराने के लिए अपने वकीलों से सलाह लेकर नोटिस जारी करने को कहा है।
वीरवार को भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पत्रकारों के एक सवाल पर कहा कि उन्होंने मीडिया में दिए अभय सिंह चौटाला के बयान को पढ़ा है। इसके लिए उन्हें सिविल कोर्ट और क्रिमिनल कोर्ट में घसीटूंगा। मैंने अपने वकीलों को चौटाला के खिलाफ केस दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए बोल दिया है।
उन्होंने कहा कि अभय चौटाला ने अमित शाह से मुलाकात और किसी निजी कंपनी में पार्टनरशिप से संबंधित दोनों झूठी बातें बोली हैं। न मैं कभी अमित शाह से मिला और न ही मेरा उस कंपनी से कोई संबंध है।
वहीं, वंदे मातरम् के दो अंतरों को लेकर गृह मंत्री अमित शाह के कांग्रेस को देश विरोधी बताए जाने वाले बयान पर हुड्डा ने कहा कि उन्हें देशभक्त होने का सर्टिफिकेट किसी से नहीं चाहिए। कांग्रेस के लोगों ने देश के लिए जेल काटी है। संविधान सभा ने जो तय किया था, आजादी के बाद से वही गाया जा रहा है।
अभय चौटाला बोले- भेज लेन दे लीगल नोटिस, फिर देखता हूं हुड्डा को
उधर, पानीपत के इसराना में अभय सिंह चौटाला ने इस संबंध में पूछे सवाल पर कहा, भेज लेने दो लीगल नोटिस, फिर हुड्डा को देखता हूं। इसी दौरान भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार की सभी सीमाएं पार हो चुकी हैं।
कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आए दिन धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर हैं, सरकारी दफ्तरों में भ्रष्टाचार की जड़ें मजबूत हो रही हैं। अभय चौटाला वीरवार को निहाल गार्डन में वीरवार को जनसभा में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने 27 सितंबर को नूंह में होने वाले ताऊ देवीलाल सम्मान दिवस को लेकर कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई।
