'खाली जमीन पर 60 साल से पशु बांधने से नहीं मिल जाता कानूनी अधिकार' पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट का बड़ा फैसला
पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया है कि खाली जमीन पर लंबे समय तक पशु बांधने या घरेलू सामान रखने से कानूनी कब्जा नहीं मिलता। कोर्ट ने करनाल के एक व्यक्ति की याचिका खारिज की, जिसने 60 साल के उपयोग के आधार पर जमीन पर अधिकार का दावा किया था।

खाली जमीन पर 60 साल से पशु बांधने से नहीं मिलता कानूनी अधिकार : हाईकोर्ट
HighLights
खाली जमीन पर पशु बांधने से कानूनी अधिकार नहीं मिलता।
60 साल के उपयोग से भी विशिष्ट कब्जा साबित नहीं होता।
हाईकोर्ट ने करनाल के याचिकाकर्ता का दावा खारिज किया।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया है कि गांव की खाली जमीन पर लंबे समय से पशु बांधने, गोबर के उपले रखने, ईंधन जमा करने या पेड़ लगाने मात्र से किसी व्यक्ति को उस जमीन पर विशेष कब्जे का कानूनी अधिकार नहीं मिल जाता। ऐसे इस्तेमाल के आधार पर व्यक्ति जमीन से बेदखल किए जाने के खिलाफ अस्थायी निषेधाज्ञा भी हासिल नहीं कर सकता।
करनाल के गांव गंजोगढ़ी निवासी सूरज प्रकाश ने ग्राम पंचायत के खिलाफ अदालत में याचिका दायर कर विवादित जमीन पर अपने कब्जे का दावा किया था। याचिकाकर्ता का कहना था कि उसका परिवार करीब 60 वर्षों से इस जमीन का इस्तेमाल कर रहा है। उसके पिता यहां दूध बेचने का काम करते थे और परिवार पशु बांधने, गोबर के उपले रखने तथा अन्य घरेलू सामान जमा करने के लिए जमीन का उपयोग करता रहा है।
याची ने दावे के समर्थन में गांव के नंबरदार और पंचायत सदस्यों की ओर से जारी लिखित दस्तावेज तथा तस्वीरें भी पेश की थीं। उसका तर्क था कि जमीन गांव के लाल डोरा यानी आबादी क्षेत्र में आती है, इसलिए इस पर पंजाब ग्राम साझा भूमि (विनियमन) अधिनियम लागू नहीं होता।
हाईकोर्ट ने पाया कि याचिकाकर्ता जमीन का मालिकाना हक या उस पर विशिष्ट कब्जा साबित करने वाला कोई ठोस दस्तावेज पेश नहीं कर सका। वर्ष 2023-24 की जमाबंदी में जमीन गांव के हिस्सेदारों के स्वामित्व और कब्जे में दर्ज थी। इसके अलावा याचिकाकर्ता ने विवादित जमीन के उस हिस्से का खसरा या किला नंबर भी स्पष्ट नहीं किया था, जिस पर वह अपना कब्जा बता रहा था।
अदालत ने कहा कि नंबरदार और पंचायत सदस्यों की ओर से दिए गए लिखित दस्तावेजों पर तारीख दर्ज नहीं थी। पंचायत की ओर से जमीन का कोई आवंटन या प्रस्ताव भी याचिकाकर्ता के पक्ष में नहीं था। तस्वीरों से भी जमीन पर किसी निर्माण या स्थायी कब्जे की पुष्टि नहीं होती।
हाईकोर्ट ने कहा कि पशु बांधना, गोबर के उपले रखना या खाद का गड्ढा बनाना जैसे काम जमीन के इस्तेमाल को तो दर्शा सकते हैं, लेकिन इन्हें वास्तविक और विशिष्ट कब्जे का प्रमाण नहीं माना जा सकता।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।