विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा से बिहार का सफर होगा आसान, पटना और पूर्णिया समेत 12 अंतरराज्यीय मार्गों पर दौड़ेंगी बसें

Published: Mon, 02 Nov 2026 04:13 PM (IST)

हरियाणा और बिहार के बीच यात्रा अब आसान होगी, क्योंकि 12 नए अंतरराज्यीय बस मार्ग शुरू किए जा रहे हैं। ...और पढ़ें

एक्सप्रेस, डीलक्स, डीलक्स एसी और एसी स्लीपर बसें चलेंगी।

एक्सप्रेस, डीलक्स, डीलक्स एसी और एसी स्लीपर बसें चलेंगी।

HighLights

  1. हरियाणा-बिहार के बीच 12 नए बस मार्ग शुरू।

  2. गुरुग्राम, अंबाला से पटना, पूर्णिया, गया तक सीधी बसें।

  3. दीपावली, छठ पर विशेष बसें, किराये में छूट।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा से बिहार का सफर अब पहले से आसान और आरामदायक होने जा रहा है। दोनों राज्यों में आने-जाने वाले यात्रियों को जल्द ही 12 अंतरराज्यीय मार्गों पर बस सेवाएं उपलब्ध होंगी। एक्सप्रेस, डीलक्स, डीलक्स एसी और एसी स्लीपर बसें चलेंगी

गुरुग्राम, पानीपत और अंबाला से पटना, पूर्णिया और मधुबनी तथा गुरुग्राम और अंबाला से गया के बीच यात्रियों को सीधी बस सेवा उपलब्ध होगी। सबसे लंबा मार्ग अंबाला से पूर्णिया तक 1470 किलोमीटर का है, जबकि गुरुग्राम से पटना की दूरी 1044 किलोमीटर रहेगी। परिवहन सचिव अतुल द्विवेदी ने दोनों राज्यों के बीच समझौते की अधिसूचना जारी करते हुए 30 दिन में आपत्तियां और सुझाव मांगे हैं।

परमिट की शर्तें, किराया निर्धारण, वाहनों की उम्र, टैक्स की वसूली और प्रदूषण मानकों तथा यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े नियमों के साथ ही दोनों राज्यों के बीच बसों के संचालन की निगरानी और अनधिकृत परिचालन पर रोक लगाने के लिए व्यवस्था प्रस्तावित की गई है।

बसें किस समय चलेंगी और रोजाना कितने फेरे लगाएंगी, यह अभी तय नहीं है। समय-सारिणी दोनों राज्यों के संबंधित परिवहन प्राधिकरण अपने परिवहन उपक्रमों से परामर्श करके निर्धारित करेंगे। 

जानें रूट कहां से कहां तक और रास्ते में कितने स्टॉपेज

गंतव्य शुरुआती शहर कुल दूरी (किमी) प्रमुख स्टॉपेज स्टॉपेज की संख्या
पटना गुरुग्राम 1044 सोहना, पलवल, अलीगढ़, लखनऊ, आलमबाग, आजमगढ़, बक्सर, आरा 8
पटना पानीपत 1069 दिल्ली, नोएडा, आजमगढ़, बक्सर, आरा 5
पटना अंबाला 1274 करनाल, मेरठ, बुलंदशहर, एटा, लखनऊ, अयोध्या, बस्ती, गोरखपुर, कुशीनगर, गोपालगंज 10
पूर्णिया गुरुग्राम 1267 लखनऊ, गोरखपुर, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा 5
पूर्णिया पानीपत 1361 लखनऊ, गोरखपुर, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा 5
पूर्णिया अंबाला 1470 लखनऊ, गोरखपुर, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा 5
गया गुरुग्राम (रूट-1) 1081 दिल्ली, अलीगढ़, फिरोजाबाद, कानपुर, प्रयागराज, मुगलसराय, भभुआ, सासाराम, औरंगाबाद 9
गया गुरुग्राम (रूट-2) 1099 दिल्ली, अलीगढ़, फिरोजाबाद, कानपुर, प्रयागराज, मुगलसराय, भभुआ, सासाराम, औरंगाबाद 9
गया अंबाला 1224 विवरण उपलब्ध नहीं उल्लेख नहीं
मधुबनी गुरुग्राम 1183 लखनऊ, गोरखपुर, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा 5
मधुबनी पानीपत 1264 लखनऊ, गोरखपुर, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा 5
मधुबनी अंबाला 1378 लखनऊ, गोरखपुर, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा 5

10 साल से पुरानी बसें नहीं चलेंगी

यात्रियों की सुविधा के लिए प्रस्तावित अंतरराज्यीय मार्गों पर 10 साल पुरानी बसों को चलाने की अनुमति नहीं मिलेगी। दूसरे राज्य में टैक्स बकाया होने पर आवेदक को नया परमिट जारी नहीं किया जाएगा। अस्थायी मालवाहक परमिट एक बार में अधिकतम 30 दिन के लिए जारी किए जा सकेंगे।

पर्यटक बसों के लिए 15 दिन का परमिट दिया जाएगा। बसों में वाहन लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस और कम से कम एक आपातकालीन बटन लगाना अनिवार्य रहेगा। बस खराब की स्थिति में दोनों राज्यों को एक-दूसरे के वाहनों को प्राथमिकता से सहायता उपलब्ध करानी होगी।

दीवाली और छठ पर चलेंगी विशेष बसें

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम दीवाली और छठ महापर्व पर पटना से हरियाणा के लिए सात, गया से दो, पूर्णिया से 18 तथा दरभंगा से 22 विशेष बसें चलाएगा। विशेष बात यह कि बस किराये में छूट भी दी जा रही है।

भागलपुर से अंबाला रूट पर एसी स्लीपर बस का वास्तविक किराया 3603 रुपये है, जिस पर 1113 रुपये की छूट दी जा रही है। पूर्णिया से अंबाला रूट का किराया 3462 रुपये है, जिस पर 1103 रुपये की छूट है। इसी तरह मधुबनी से अंबाला रूट पर वास्तविक किराया 3257 रुपये है, जिस पर 1092 रुपये की छूट मिल रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।