विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'महिलाओं के खिलाफ अभद्र भाषा बर्दाश्त नहीं...', महिला आयोग की चेतावनी; इंटरनेट मीडिया पर होगी सख्ती

Published: Sat, 14 Nov 2026 07:01 PM (IST)

हरियाणा राज्य महिला आयोग ने महिलाओं के प्रति बढ़ती अभद्र और अपमानजनक भाषा पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। आयोग ...और पढ़ें

हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ऊषा प्रियदर्शी।

हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ऊषा प्रियदर्शी।

HighLights

  1. अभद्र भाषा के इस्तेमाल पर चिंता।

  2. सभ्य भाषा प्रयोग की अपील की।

  3. संवेदनशील मामलों में तस्वीरें न छपें।

जागरण संवाददाता, पंचकूला। महिलाओं के प्रति अभद्र और अपमानजनक भाषा के बढ़ते इस्तेमाल पर हरियाणा राज्य महिला आयोग ने गंभीर चिंता जताई है।

आयोग की अध्यक्ष ऊषा प्रियदर्शी ने सभी मीडिया संस्थानों, पत्रकारों, ऑनलाइन समाचार चैनलों, सोशल मीडिया संचालकों और आमजन से महिलाओं के प्रति सभ्य, मर्यादित और सम्मानजनक भाषा का प्रयोग करने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और विभिन्न राज्यों में संचालित ऑनलाइन समाचार एवं डिजिटल मीडिया चैनलों पर रिपोर्टिंग, चर्चाओं और टिप्पणियों के दौरान महिलाओं के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किए जाने के मामले सामने आ रहे हैं।

महिलाओं के सम्मान और अस्मिता को ठेस पहुंचाने वाला ऐसा व्यवहार किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। आयोग की ओर से जारी अपील में कहा गया है कि किसी महिला के चरित्र, गरिमा या निजी जीवन को लेकर अपमानजनक टिप्पणी करने से बचना चाहिए।

समाचारों की रिपोर्टिंग के साथ-साथ उनके शीर्षक, कैप्शन, थंबनेल, तस्वीरों और वीडियो में भी महिलाओं की गरिमा का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। महिलाओं का अपमान करने वाली सामग्री को साझा करने, प्रसारित करने या प्रोत्साहित करने से भी बचना चाहिए।

अध्यक्ष ने संवेदनशील मामलों में बेटियों और महिलाओं की तस्वीरें प्रकाशित या प्रसारित नहीं करने की अपील भी की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं के सम्मान, अस्मिता और अधिकारों के हनन के मामलों में आयोग की जीरो टॉलरेंस नीति है।

महिलाओं का सम्मान बनाए रखना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ भाषा की मर्यादा और महिलाओं की गरिमा का सम्मान भी जरूरी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।