हरियाणा से निकलेगी 100 महिलाओं की सक्सेस स्टोरी, महिला आयोग करेगा तलाश
हरियाणा महिला आयोग सिर्फ नामचीन महिलाएं ही नहीं बल्कि गुमनाम चेहरों की भी सक्सेस स्टोरी तलाशेगा। इसके लिए चौ. बंसीलाल यूनिवर्सिटी भिवानी व रिसर्च सेंटरों के साथ मिलकर काम होगा।
जेएनएन, चंडीगढ़। देश और दुनिया में हरियाणा की महिलाओं का कोई मुकाबला नहीं है। अपनी काबिलियत और हुनर के दम पर इन महिलाओं ने पूरी दुनिया में हरियाणा का नाम रोशन किया है। कुछ महिलाएं ऐसी भी हैं, जिनमें प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और अपने हुनर की बदौलत इन महिलाओं ने बड़े मुकाम हासिल किए हैं, मगर उन्हें नई पहचान नहीं मिल पाई है। हरियाणा के राज्य महिला आयोग ने ऐसी तमाम हुनरमंद महिलाओं को एक मंच पर लाकर उन्हें पहचान देने की मुहिम शुरू की है।
हरियाणा महिला आयोग की ओर से प्रदेश की कम से कम 100 ऐसी लड़कियों व महिलाओं की पहचान की जा रही है, जिन्होंने अपनी प्रतिभा के बूते देश और दुनिया में प्रदेश का नाम रोशन किया है। ऐसी महिलाओं व लड़कियों की खोज भी आयोग के एजेंडे में शामिल है, जिन्हें आज तक कोई पहचान नहीं मिल पाई। इन सभी 100 लड़कियों व महिलाओं की सफलता की कहानी (सक्सेस स्टोरी) मैगजीन के रूप में प्रकाशित की जाएगी।
राज्य महिला आयोग की कार्यवाहक चेयरपर्सन एवं उपाध्यक्ष प्रीति भारद्वाज दलाल की देखरेख में 100 महिलाओं की सक्सेस स्टोरी की तलाश की जा रही है। इस कार्य में भिवानी के चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय का सहयोग लिया जा सकता है। विश्वविद्यालय के उप कुलपति राजकुमार मित्तल और प्रीति भारद्वाज के बीच इस संबंध में विस्तृत चर्चा हो चुकी है। विभिन्न विश्वविद्यालयों के वूमेेन स्टडी एंड रिसर्च सेंटर की विभागाध्यक्षों से भी इस कार्य में सहयोग लिया जा सकता है। सभी स्टडी सेंटर के पास सर्वे और पहचान के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं है।
आयोग की कार्यवाहक चेयरपर्सन प्रीति भारद्वाज के अनुसार मुख्यमंत्री मनोहर लाल खुद चाहते हैं कि ऐसी तमाम महिलाओं को सामने लाया जाना चाहिए, जिन्होंने अपने गांव, जिले, प्रदेश, देश और दुनिया में कुछ विशेष काम किया है, ताकि उनसे प्रेरणा लेकर बाकी लड़कियां आगे बढ़ सकें। प्रीति भारद्वाज ने बताया कि उद्योग, खेल, फिल्म इंडस्ट्री, रंगमंच, समाजसेवा, आर्थिक क्षेत्र, विकास, पंचायती राज सिस्टम, राजनीति, प्रशासन, सांस्कृतिक क्षेत्र और शिक्षा के क्षेत्र में काम करने वाली इन सौ महिलाओं की सक्सेस स्टोरी तैयार की जा रही है। इस पर करीब तीस फीसद काम पूरा हो चुका है और सत्तर फीसद काम बाकी है।
प्रीति का कहना है कि जब भी हरियाणा की प्रतिभाशाली लड़कियों या महिलाओं का जिक्र होता है तो कुछ अधिकारियों, कुछ खिलाड़ियों तथा कुछ अधिकारियों के साथ ही कुछ राजनीतिज्ञों के नाम अंगुलियों पर गिनाए जा सकते हैं, लेकिन बहुत सी लड़कियां और महिलाएं ऐसी हैं, जिन्होंने गुमनामी में रहते हुए बिजनेस खड़े कर दिए, देश में वह पंचायती राज सिस्टम में बदलाव की बड़ी वाहक बनी हैं, फिल्म इंडस्ट्री में उन्होंने अपने नाम के झंडे गाड़ दिए और गांव की अर्थव्यवस्था को बढ़ाने में अहम योगदान दिया है।
दिवंगत हो चुकी महिलाओं के काम भी आएंगे सामने
कार्यवाहक चेयरपर्सन के अनुसार सभी लड़कियों व महिलाओं की सक्सेस स्टोरी आसान भाषा में प्रकाशित की जाएगी। कोई स्टोरी दो पेज से ज्यादा की नहीं होगी। उसमें फोटो भी समाहित होंगे। अधिकतर लड़कियों व महिलाओं का परिचय देते हुए उनसे उन्हीं की जुबानी बात की जाएगी, ताकि विशुद्ध रूप से उनकी अपनी बात देश व प्रदेश के सामने आ सके। प्रीति भारद्वाज ने बताया कि कुछ ऐसी महिलाएं भी हमारी जानकारी में आई हैं, जो अब इस दुनिया में नहीं रही, लेकिन अपने काम की बदौलत वह जानी जाती हैं। उन्हें आज तक कोई पहचान नहीं मिली। ऐसी महिलाओं की प्रतिभा और काबिलियत को हम सामने लाने का काम करेंगे।