विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में नेताओं से लेकर अफसरों के घर बजी शहनाइयां, शाही दावत तो कहीं सामाजिक बदलाव की मिसाल बनीं शादियां

Published: Fri, 27 Nov 2026 02:38 PM (IST)

हरियाणा में हाल ही में हुई शादियों ने भव्यता, सामाजिक संदेश और बदलती जीवनशैली की अनूठी मिसाल पेश की है। इन आयोजनों में शाही दावतों से लेकर दहेज-मुक्त विवाह और बेटियों को बेटों के समान सम्मान देने जैसे कई पहलू देखने को मिले।

भाजपा विधायक उमेद पातुवास की बेटी डॉ. दीक्षा की शादी में गाय के देसी घी से बने व्यंजनों का स्वाद चखते सीएम नायब सैनी व अन्य मेहमान।

भाजपा विधायक उमेद पातुवास की बेटी डॉ. दीक्षा की शादी में गाय के देसी घी से बने व्यंजनों का स्वाद चखते सीएम नायब सैनी व अन्य मेहमान।

HighLights

  1. भाजपा नेता के घर कांग्रेस विधायक की बेटी की शादी।

  2. हरियाणा के मंत्री बने राजस्थान के खनन कारोबारी के समधि।

  3. शादी समाराेह में खास मेहमानवाजी, सब जगह चर्चा।

डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। सर्दियों की दस्तक के साथ ही हरियाणा में शहनाइयां बजने लगी हैं। कई ऐसी शादियां चर्चा का विषय बनी हैं, जिनमें परंपरा, सादगी, सामाजिक सरोकार और शाही अंदाज की अनूठी मिसाल देखने को मिला।

कहीं हजारों मेहमानों के लिए कई एकड़ में पंडाल सजा और देश-विदेश के शेफ ने पकवान बनवाए तो कहीं दूल्हे ने दहेज में मिले लाखों रुपये लौटाकर समाज को संदेश दिया। किसी परिवार ने बेटी को बेटों की तरह घोड़ी पर बैठाकर बनवारा निकाला तो किसी ने शादी में देसी खानपान और सादगी को प्राथमिकता दी।

राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों से जुड़ी शादियों ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं। इन आयोजनों ने स्पष्ट कर दिया कि हरियाणा में शादियों का रंग अब केवल रस्मों और दिखावे तक सीमित नहीं है, बल्कि इनके जरिए सामाजिक सोच और बदलती जीवनशैली की झलक भी सामने आ रही है।

गाय के देसी घी से बने व्यंजन परोसे

ch3

चरखी-दादरी जिले के बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक उमेद पातुवास की बेटी डॉ. दीक्षा का विवाह हिसार निवासी डॉ. गोविंद ग्रेवाल के साथ 21 नवंबर 2026 को संपन्न हुआ। इससे पहले 14 नवंबर को पैतृक गांव पातुवास में लग्न व प्रीतिभोज आयोजित किया गया था।

लग्न समारोह में सीएम नायब सिंह सैनी और वीआईपी समेत 20 हजार से अधिक मेहमान शरीक हुए। विधायक ने किसी से 10 रुपये से ज्यादा कन्यादान नहीं लिया और मेहमानवाजी में गाय के देसी घी से तैयार व्यंजन परोसे गए।

समारोह स्थल पर कोल्ड ड्रिंक व जंक फूड की एक भी स्टाल नहीं लगाई गई। चार एकड़ में टेंट लगवाया गया, जबकि 10 एकड़ में वाहन पार्किंग की व्यवस्था रही।

3 एकड़ में पंडाल, मेहमानों के लिए 500 वेटर

SH3

बिहार से ताल्लुक रखने वाले भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन के बेटे अरबाज हुसैन का निकाह कांग्रेस विधायक एवं पूर्व मंत्री चौधरी अकरम खान की बेटी अफशां से हुआ है। 25 अक्टूबर को नई दिल्ली में निकाह के बाद 5 नवंबर को यमुनानगर के जगाधरी की लक्कड़ मंडी में रिसेप्शन का आयोजन किया गया।

तीन एकड़ में पंडाल सजाया गया, जोकि उत्तर प्रदेश से तैयार करवाकर मंगवाया गया। 10 हजार से ज्यादा मेहमान पहुंचे, जिनके स्वागत और व्यवस्था के लिए 500 से अधिक वेटर लगाए गए। चार वीआईपी केबिन भी बनाए गए हैं।

महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग कार्यक्रम की व्यवस्था की गई है। खाने की जिम्मेदारी हलवाई रमेश कुमार को सौंपी गई है। वह बड़े और वीआईपी आयोजनों में खाना बनाने का काम कर चुके हैं। जिले में पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर सहित कई बड़े आयोजनों में भी वह अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

बेटी को घोड़ी पर बैठाकर निकाला बनवारा

990

बेटा-बेटी के भेद को खत्म करने व समाज को एक सकारात्मक संदेश देने के उद्देश्य से भिवानी के कस्बा बवानीखेड़ा निवासी कुलदीप नाहड़िया व रोहिणी देवी ने अपनी बेटी साक्षी की शादी में बेटों की शादी में होने वाली सभी रस्में निभाई। साक्षी के ताऊ जयबीर हलवाई व ताई संतोष देवी ने बेटों की तरह साक्षी को घोड़ी पर बैठाकर बनवारा भी निकाला।

वहीं, दूसरी तरफ खुशी के मौके पर परिजन घोड़ी पर बैठी दुल्हन के आगे खूब डांस करते दिखाई दिए। साक्षी के परिजनों की इस अनूठी व सराहनीय मुहिम चर्चा का विषय बनी रही। साक्षी का कहना है कि आज बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से कम नहीं हैं तथा हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान स्थापित कर रही हैं।

वहीं साक्षी की दादी शरबती देवी ने बताया कि उनके पति स्व. मनीराम ने कभी बेटा-बेटी में भेद नहीं किया। उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए उन्होंने भी बेटा-बेटी के भेद को खत्म करने की दिशा में कदम बढ़ाया और अपनी पौत्री की शादी में घोड़ी पर बैठाकर बनवारा निकाला। 

दहेज में मिले तीन लाख 51 हजार रुपये लौटाए

3 L3

दहेज जैसी कुप्रथा पर हरियाणा के युवक ने प्रहार किया है। मुवाना गांव निवासी अमन राणा बीटेक तक शिक्षा प्राप्त हैं। वह क्षेत्र के गांव भटपुरा निवासी इंद्रजीत के यहां बरात लेकर उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के कस्बा बड़गांव रायल पैलेस में पहुंचे।

दुल्हन के पिता इंद्रजीत सहित स्वजन ने बरात का स्वागत किया। स्वागत करने के बाद स्वजन दूल्हे का टीका करने के लिए पहुंचे। टीका करने के बाद दूल्हे को शगुन में 3 लाख 51 हजार रुपये देने लगे।

दूल्हे ने शगुन में मिले पैसे यह कहते हुए लौटा दिए कि दुल्हन ही दहेज है। दूल्हे ने कहा कि जीवनसाथी का साथ एवं विश्वास ही सबसे बड़ी पूंजी है। दहेज से रिश्तों को नहीं तोला जा सकता। सभी युवकों को दहेज प्रथा पर अंकुश लगाने के लिए बिना दहेज शादी करनी चाहिए।

अटूट बंधन में बंधे हरियाणा का IAS और यूपी की IPS बेटी

IPS3

हरियाणा के आईएएस अफसर विवेक आर्य और उत्तर प्रदेश की आईपीएस बेटी अदिति सिंह शादी के बंधन में बंधे। दोनों पंचकूला में तैनात हैं। विवेक आर्य पंचकूला के एडीसी तो अदिति सिंह पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) हैं।

खास बात यह है कि इसी रिश्ते की वजह से अदिति सिंह को हिमाचल प्रदेश से हरियाणा कैडर मिला है। दोनों ने अपनी कर्मभूमि यानी पंचकूला में ही 15 नवंबर को सात फेरे लिए। इससे पहले हल्दी और लग्नी समेत घुड़चढ़ी की रस्में विवेक आर्य के पैतृक गांव गोपी में संपन्न हुई।

मंत्री की बेटी की शादी, सीरिया और कजाकिस्तान के आए शेफ

NN3

हरियाणा सरकार में मंत्री राजेश नागर की बेटी मुस्कान 25 नवंबर को राजस्थान के प्रमुख माइनिंग कारोबारी संजय सिंह रावत (वसुंधरा राजे के खिलाफ चुनाव लड़ चुके) के बेटे नेहुल के साथ विवाह बंधन में बंध गईं।

पंचकूला सेक्टर-3 स्थित लग्जरी होटल द आरलिस में आयोजित भव्य शादी समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित हरियाणा और पंजाब के कई राजनीतिक दिग्गजों, वरिष्ठ अधिकारियों और गणमान्य लोगों ने शिरकत कर नवदंपती को आशीर्वाद दिया।

डिनर में देश-विदेश के विभिन्न व्यंजन परोसे गए। मेहमानों के लिए लजीज पकवान तैयार करने के लिए विदेशों से महिला और पुरुष शेफ बुलाए गए थे। सीरिया, कजाकिस्तान और कोलंबिया समेत कई देशों के शेफ ने अपने-अपने देश के खास व्यंजन तैयार किए, जिनका मेहमानों ने स्वाद लिया।

शादियों के नए ट्रेंड और खर्च

हरियाणा में शादी समारोहों का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। पारंपरिक आयोजनों के साथ अब आधुनिक सुविधाओं, भव्य सजावट, प्रोफेशनल फोटोग्राफी और डेस्टिनेशन वेडिंग का चलन भी बढ़ रहा है। इसके साथ ही शादी का बजट भी लगातार बढ़ रहा है।

बढ़ता बजट और भव्यता: राज्य में कैटरिंग की एक प्लेट का खर्च 1,000 रुपये तक पहुंच गया है और वेडिंग फोटोग्राफी के पैकेज 50 हजार रुपये से शुरू हो रहे हैं। शादियों में ड्रोन शूट और सिनेमैटिक वीडियो का चलन तेजी से बढ़ा है।

बैंक्वेट हॉल का बढ़ता क्रेज: रोहतक सहित कई ग्रामीण इलाकों में अब धर्मशालाओं या स्कूलों की जगह आधुनिक मैरिज पैलेस और बैंक्वेट हॉल पहली पसंद बन गए हैं।

वेडिंग सिटी की योजना: हरियाणा सरकार द्वारा गुरुग्राम, खरखौदा और पिंजौर में तीन नई 'वेडिंग सिटी' विकसित करने की योजना पर भी काम चल रहा है।

बदलते समाज की झलक बनीं शादियां

इन सभी आयोजनों को एक साथ देखें तो हरियाणा की शादियों में अलग-अलग लेकिन महत्वपूर्ण तस्वीरें दिखाई देती हैं। एक तरफ भव्यता, आधुनिकता और मेहमाननवाजी पर बढ़ता खर्च है तो दूसरी तरफ दहेज विरोध, बेटियों को बराबरी का अधिकार और पारंपरिक खानपान को बढ़ावा देने जैसी पहल हैं।

यही वजह है कि इस सीजन की ये शादियां सिर्फ पारिवारिक उत्सव नहीं रहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव और नई सोच की मिसाल भी बन गई हैं।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।