विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में कोल्ड स्टोरेज पर मिलेगी 4 करोड़ तक की सब्सिडी, महिला और SC उद्यमियों को मिलेगा अतिरिक्त प्रोत्साहन

Published: Wed, 25 Nov 2026 07:56 PM (IST)Updated: Wed, 25 Nov 2026 08:00 PM (IST)

हरियाणा सरकार ने कोल्ड स्टोरेज और रेफ्रिजरेटेड वैन के लिए नई अनुदान योजना शुरू की है। इस योजना के तहत कोल्ड स्टोरेज पर 4 करोड़ और रीफर वैन पर 30 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता मिलेगी।

हरियाणा में कोल्ड स्टोरेज पर मिलेगी 4 करोड़ तक की सब्सिडी। फाइल फोटो

हरियाणा में कोल्ड स्टोरेज पर मिलेगी 4 करोड़ तक की सब्सिडी। फाइल फोटो

HighLights

  1. कोल्ड स्टोरेज बनाने पर 4 करोड़ रुपये तक का अनुदान।

  2. रेफ्रिजरेटेड वैन खरीदने पर 30 लाख रुपये तक की सहायता।

  3. कृषि, बागवानी उत्पादों की कोल्ड-चेन व्यवस्था होगी मजबूत।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में कोल्ड स्टोरेज बनाने के लिए प्रदेश सरकार चार करोड़ रुपये तक अनुदान देगी। इसी तरह रेफ्रिजरेटेड वैन खरीदने के लिए 30 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता दी जाएगी। कृषि, बागवानी और अन्य खराब होने वाले उत्पादों की कोल्ड-चेन व्यवस्था मजबूत करने के लिए कोल्ड स्टोरेज इंफ्रास्ट्रक्चर और परिवहन के लिए रीफर वैन की स्थापना की योजना लांच कर दी गई है।

उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डा. मित कुमार अग्रवाल द्वारा अधिसूचित नीति पांच साल के लिए मान्य होगी। नए और मौजूदा पात्र उद्यमों को कोल्ड स्टोर, सीए रूम, एमए रूम और राइपनिंग चैंबर जैसी सुविधाओं के लिए पूंजीगत व्यय का 40 प्रतिशत अनुदान मिलेगा। सब-प्राइम, प्राइम या फोकस क्षेत्रों में अधिकतम चार करोड़ रुपये और कोर या इंटरमीडिएट क्षेत्रों में अधिकतम ढाई करोड़ रुपये तक सहायता मिलेगी।

दो किस्तों में मिलेगी सब्सिडी

महिला, एससी, दिव्यांग, ट्रांसजेंडर, पूर्व सैनिक, अग्निवीर या विदेशी निवेशक वाले संयुक्त उपक्रम को पांच प्रतिशत अतिरिक्त प्रोत्साहन मिलेगा, लेकिन कुल राशि तय अधिकतम सीमा से अधिक नहीं होगी। अनुदान की 50-50 प्रतिशत की दो किस्तें मिलेंगी।

पहली किस्त के लिए मंजूरी पत्र जारी होने के छह महीने के भीतर आवेदन करना होगा और कम से कम 50 प्रतिशत स्वयं का अंशदान व 50 प्रतिशत टर्म लोन खर्च होना चाहिए। दूसरी किस्त पहली किस्त मिलने के आठ महीने के भीतर वाणिज्यिक उत्पादन शुरू होने के बाद प्रतिपूर्ति आधार पर मिलेगी।

30 लाख का मिलेगा अनुदान

खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को नए रीफर वाहन खरीदने पर प्रतिपूर्ति आधार पर लागत का 35 प्रतिशत अनुदान मिलेगा। प्राइम/फोकस, सब-प्राइम और इंटरमीडिएट क्षेत्रों में यह सीमा ढाई लाख रुपये प्रति वाहन है, जबकि कोर क्षेत्रों में केवल ईवी आधारित रीफर वाहन पर 35 प्रतिशत के हिसाब से अधिकतम 30 लाख रुपये प्रति वाहन तक लाभ मिलेगा।

कोर क्षेत्रों को छोड़कर अन्य क्षेत्रों में ईवी रीफर वाहन पर पांच प्रतिशत अतिरिक्त प्रोत्साहन और विशेष श्रेणियों/ईओयू/जाइंट वेंचर के लिए पांच प्रतिशत अतिरिक्त लाभ (निर्धारित अधिकतम सीमा के भीतर) का प्रविधान है। एक आवेदक अधिकतम दो वाहनों के लिए यह लाभ ले सकेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।