हरियाणा में सिंगापुर की तर्ज पर बनेंगे 5 नए शहर, KMP एक्सप्रेसवे के दोनों ओर बसेंगे; 15 साल का रोडमैप तैयार
हरियाणा सरकार कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे के दोनों ओर पांच नए ग्रीनफील्ड शहर विकसित करने की तैयारी में है, जिसके लिए पंचग्राम विकास प्राधिकरण का गठन प्रस्तावित है।

सिंगापुर की तर्ज पर बनेंगे पांच नए शहर (फाइल फोटो)
HighLights
केएमपी एक्सप्रेसवे के दोनों ओर बनेंगे पांच नए ग्रीनफील्ड शहर
शहरी विकास के लिए सिंगापुर के मॉडल का अध्ययन करेगी सरकार
2030 तक 10 नई औद्योगिक मॉडल टाउनशिप बनाने का लक्ष्य निर्धारित
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा सरकार कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे के दोनों ओर पांच नए ग्रीनफील्ड शहर विकसित करने की तैयारी में है।
करीब 135 किलोमीटर लंबे केएमपी कॉरिडोर को प्रदेश के भविष्य के शहरी और औद्योगिक विकास की प्रमुख धुरी बनाने की योजना है।
प्रस्तावित शहरों की योजना वर्ष 2041 की संभावित आबादी और भविष्य की आवास, परिवहन व नागरिक सुविधाओं की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही है। इसके लिए पंचग्राम विकास प्राधिकरण के गठन की योजना सामने आई है।
सिंगापुर के मॉडल का अध्ययन करेगी सरकार
हरियाणा सरकार इन शहरों की नगरीय व्यवस्था और बुनियादी ढांचे के लिए सिंगापुर के मॉडल का अध्ययन करेगी। जल्दी ही राज्य सरकार का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल सिंगापुर की नगरीय व्यवस्था को देखने और समझने के लिए सिंगापुर का दौरा करेगा।
मार्च में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिंगापुर इंडिया बिजनेस फोरम के प्रतिनिधियों के साथ भी हरियाणा में निवेश और औद्योगिक सहयोग पर चर्चा की थी।
एनसीआर प्लानिंग बोर्ड की बैठक में हुई थी चर्चा
हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर ने बताया कि पंचग्राम परियोजना को लेकर जून 2026 में एनसीआर प्लानिंग बोर्ड की बैठक में भी चर्चा हुई थी। ड्राफ्ट रीजनल प्लान-2041 में केएमपी के साथ पांच नए शहरों की योजना को जगह मिली है।
हालांकि, परियोजना अभी योजना और विकास के चरण में है। अंतिम मास्टर प्लान और जमीन से जुड़ी औपचारिकताएं आगे की प्रक्रिया का हिस्सा हैं। प्रस्तावित शहरों के लिए पानी की उपलब्धता को लेकर भी सवाल उठे हैं, जिससे जल स्रोत की ठोस योजना को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
10 नई औद्योगिक मॉडल टाउनशिप विकसित करने का लक्ष्य
राव नरबीर के अनुसार, सरकार ने वर्ष 2030 तक 10 नई औद्योगिक मॉडल टाउनशिप (आइएमटी) विकसित करने का लक्ष्य रखा है। इनमें पांच को मंजूरी मिल चुकी है और तीन आइएमटी केएमपी कारिडोर से जुड़ी होंगी।
इसके साथ ही गुरुग्राम-पंचगांव क्षेत्र के लिए प्रस्तावित 35.25 किलोमीटर लंबे मेट्रो कारिडोर में 28 स्टेशन होंगे, जिससे भविष्य के शहरी विस्तार को सार्वजनिक परिवहन से जोड़ने की तैयारी है।
यह भी पढ़ें- बीजेपी ने स्मृति ईरानी को सौंपी हरियाणा की कमान! टीवी स्क्रीन से सत्ता के गलियारों तक की पूरी इनसाइड स्टोरी
यह भी पढ़ें- हरियाणा में 20 रुपये में होगी खाने-पीने की चीजों में मिलावट की जांच, 12 मिनट में सामने आएगा सच
