विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विदेश से पढ़ने हरियाणा आएंगे 10 हजार स्टूडेंट्स, HSHEC का ब्रिटिश काउंसिल के साथ MOU

Published: Fri, 27 Nov 2026 04:12 PM (IST)

हरियाणा सरकार ने 2047 तक 10,000 अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों को आकर्षित करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए हरियाणा राज्य उच्चतर शिक्षा परिषद ने ब्रिटिश काउंसिल के साथ एमओयू किया है, जिससे विश्वविद्यालयों को वैश्विक पहचान मिलेगी।

विद्यार्थियों व शिक्षकों के लिए वैश्विक अवसर बढ़ाने में मदद मिलेगी। (सांकेतिक फोटो)

 विद्यार्थियों व शिक्षकों के लिए वैश्विक अवसर बढ़ाने में मदद मिलेगी। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. विश्वविद्यालयों को मिलेगी वैश्विक पहचान।

  2. अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थी कार्यालय स्थापित होंगे।

  3. विशेषज्ञ देंगे प्रशिक्षण, 2047 तक का लक्ष्य।

जागरण संवाददाता, पंचकूला। हरियाणा के विश्वविद्यालयों को वैश्विक पहचान दिलाने और प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय शिक्षा का केंद्र बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। हरियाणा सरकार ने वर्ष 2047 तक प्रदेश में 10 हजार अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों को आकर्षित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

इसके लिए राज्य के सरकारी और निजी विश्वविद्यालयों को ब्रिटेन समेत दुनिया के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों से जोड़ा जाएगा। इस दिशा में हरियाणा राज्य उच्चतर शिक्षा परिषद (एचएसएचईसी) ने ब्रिटिश काउंसिल के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।

इस समझौते के तहत प्रदेश के विश्वविद्यालयों और उच्चतर शिक्षा संस्थानों को अंतरराष्ट्रीय साझेदारियां विकसित करने, विदेशी विश्वविद्यालयों के साथ शैक्षणिक एवं अनुसंधान सहयोग बढ़ाने और वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान मजबूत करने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा।

पहले चरण में हरियाणा के करीब 30 उच्चतर शिक्षा संस्थानों को शामिल किया जाएगा। नवंबर 2026 से मार्च 2027 तक चलने वाले इस कार्यक्रम में प्रत्येक संस्थान से दो प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।

ब्रिटिश काउंसिल इंडिया के उप निदेशक शैनन वेस्ट ने कहा कि इस पहल से हरियाणा के विश्वविद्यालयों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए संपर्क स्थापित करने और विद्यार्थियों व शिक्षकों के लिए वैश्विक अवसर बढ़ाने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा विभाग के निदेशक डाॅ. वाईपीएस बरवाल, उच्चतर शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक जीतेंद्र जोशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

विदेशी विद्यार्थियों के लिए बनेंगे विशेष कार्यालय

हरियाणा के विश्वविद्यालयों में अब अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थी कार्यालय स्थापित किए जाएंगे। इन कार्यालयों के माध्यम से विदेशी विद्यार्थियों के दाखिले, विदेशी विश्वविद्यालयों से संपर्क, शैक्षणिक समझौतों और विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के आदान-प्रदान कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया जाएगा।

प्रत्येक कार्यालय का संचालन नामित निदेशक या समन्वयक करेगा। ये कार्यालय उच्चतर शिक्षा परिषद और विदेश सहयोग विभाग के साथ मिलकर काम करेंगे।

ब्रिटेन के विशेषज्ञ देंगे प्रशिक्षण

एचएसएचईसी के चेयरपर्सन प्रो. केसी शर्मा ने बताया कि ब्रिटिश काउंसिल के सहयोग से आनलाइन सत्र और ब्रिटेन के विशेषज्ञों की प्रत्यक्ष कार्यशालाएं करवाई जाएंगी।

इनमें विश्वविद्यालयों को अंतरराष्ट्रीयकरण की रणनीति तैयार करने, विदेशी संस्थानों के साथ साझेदारी विकसित करने और अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक गतिविधियों को लागू करने का प्रशिक्षण मिलेगा। कार्यक्रम का दूसरा चरण अप्रैल 2027 से मार्च 2028 तक चलेगा। इसकी विस्तृत रूपरेखा दोनों पक्षों की सहमति से तैयार की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।