विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में जमीन देने वाले किसानों को बड़ा तोहफा, TDR पॉलिसी में बदलाव; अब ताजा कलेक्टर रेट पर मिलेगी जमीन की कीमत

Published: Fri, 27 Nov 2026 07:05 PM (IST)

हरियाणा सरकार ने शहरी विकास परियोजनाओं के लिए जमीन देने वाले किसानों हेतु टीडीआर नीति में संशोधन किया है। अब किसानों को आवेदन के समय के कलेक्टर रेट पर अधिक कीमत मिलेगी।

हरियाणा में टीडीआर नीति में बड़ा बदलाव, किसानों को मिलेगा मौजूदा कलेक्टर रेट पर जमीन का दाम।

हरियाणा में टीडीआर नीति में बड़ा बदलाव, किसानों को मिलेगा मौजूदा कलेक्टर रेट पर जमीन का दाम।

HighLights

  1. किसानों को अब आवेदन के समय का कलेक्टर रेट मिलेगा

  2. प्रत्येक टीडीआर सर्टिफिकेट पर 2.0 फ्लोर एरिया रेशियो निर्धारित

  3. टीडीआर सर्टिफिकेट का उपयोग राज्य के किसी भी प्लान में संभव

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में शहरी क्षेत्रों में विकास परियोजनाओं के लिए सरकार को जमीन देने वाले किसानों को अब अधिक कीमत मिलेगी। जमीन उपलब्ध कराने और हस्तांतरणीय विकास अधिकार (टीडीआर) के हस्तांतरण एवं उपयोग की प्रक्रिया को लेकर प्रदेश सरकार ने अहम बदलाव किए हैं। इसके तहत पुराने कलेक्टर रेट की बजाय आवेदन के समय का कलेक्टर रेट मिलेगा।

नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल ने 16 नवंबर 2021 को जारी टीडीआर नीति में संशोधन करते हुए जमीन की गणना के लिए कलेक्टर रेट आधारित नया फार्मूला लागू किया है।

प्रत्येक टीडीआर सर्टिफिकेट पर 2.0 फ्लोर एरिया रेशियो (एफएआर) निर्धारित किया गया है। किसी विशिष्ट डेवलपमेंट प्लान में जारी टीडीआर सर्टिफिकेट का उपयोग उसी डेवलपमेंट प्लान अथवा राज्य के उससे कम संभावित डेवलपमेंट प्लान में भी किया जा सकेगा। टीडीआर सर्टिफिकेट जारी करने के लिए जमीन की गणना अब आवेदन जमा कराने की तारीख पर लागू भारित औसत कलेक्टर रेट के आधार पर होगी।

संशोधित फार्मूले के तहत नोटशनल लैंड की गणना में संबंधित जमीन का भारित औसत कलेक्टर रेट, सरकार के पक्ष में छोड़ी गई जमीन का क्षेत्रफल और लैंड यूज इंडेक्स शामिल होंगे। हालांकि पहले से जारी टीडीआर सर्टिफिकेट में नए लैंड रेट इंडेक्स का लाभ लेने के लिए किसी तरह का संशोधन नहीं किया जाएगा। जिन लंबित आवेदनों में टीडीआर सर्टिफिकेट जारी करने की सैद्धांतिक मंजूरी पहले ही दी जा चुकी है, उन पर भी नया फार्मूला लागू नहीं होगा।

सरकार ने टीडीआर के हस्तांतरण और उपयोग के नियमों में भी बदलाव किया है। रिसीविंग साइट पर नोटशनल लैंड की गणना के लिए आवेदन जमा कराने की तारीख पर लागू भारित औसत कलेक्टर रेट को आधार बनाया जाएगा। यह वही आधार होगा, जिसके अनुसार टीडीआर सर्टिफिकेट जारी किया गया था।

एक अन्य महत्वपूर्ण बदलाव के तहत टीडीआर सर्टिफिकेट जारी करने के उद्देश्य से आवेदन जमा कराने की तारीख पर संबंधित जिले के उपायुक्त की ओर से अधिसूचित कलेक्टर रेट ही मान्य होगा। बाद में सर्टिफिकेट का उपयोग किस तारीख को किया जाता है, इससे इस दर पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा।

लंबित मामलों को लेकर भी सरकार ने स्पष्ट किया है कि टीडीआर उपयोग प्रमाणपत्र के लिए लंबित उन आवेदनों पर संशोधित फार्मूला लागू होगा, जिनमें टीडीआर सर्टिफिकेट के उपयोग की कोई अनुमति, यहां तक कि सैद्धांतिक मंजूरी भी जारी नहीं हुई है।

संशोधित नीति में टीडीआर सर्टिफिकेट की वैधता का दायरा बढ़ाने के साथ एफएआर भी निर्धारित किया गया है। अब किसी विशिष्ट डेवलपमेंट प्लान में जारी प्रत्येक टीडीआर सर्टिफिकेट का इस्तेमाल उसी डेवलपमेंट प्लान या राज्य के किसी कम संभावित डेवलपमेंट प्लान में किया जा सकेगा। इसके अलावा प्रत्येक टीडीआर सर्टिफिकेट के साथ 2.0 एफएआर रहेगा।

यह होगा लाभ

टीडीआर पालिसी के तहत उन भू-स्वामियों को टीडीआर प्रमाणपत्र दिए जाने का प्रविधान है, जो महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा विकास परियोजनाओं के लिए आवश्यक अपनी भूमि सरकार को देते हैं। भू-स्वामी ऐसे प्रमाणपत्रों को उसी विकास योजना के भीतर डेवलपर्स या अन्य उपयोगकर्ताओं को बेचकर अपने विकास अधिकारों का मुद्रीकरण (मोनीटाइज) करके धनराशि प्राप्त कर सकते हैं।

संशोधित नीति के तहत उस काल्पनिक भूमि (नोशनल लैंड) की गणना के फार्मूला को संशोधित किया जाएगा, जिसके लिए टीडीआर प्रमाण पत्र जारी किया गया है। यह गणना आवेदन के कैलेंडर वर्ष की एक जनवरी को लागू दर से जुड़े मौजूदा प्रविधान के बजाय, आवेदन जमा करने की तिथि को दी गई भूमि पर लागू भारित औसत कलेक्टर रेट पर आधारित होगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।