वैश्विक मंच पर हरियाणा का जलवा, IFFI गोवा में हरियाणा पवेलियन की धूम; पहली बार शामिल हुई रोहतक की फिल्म यूनिवर्सिटी सुपवा
हरियाणा ने 57वें गोवा IFFI में अपनी फिल्म नीति और सांस्कृतिक विरासत का सफल प्रदर्शन किया, जहां रोहतक की डीएलसी सुपवा ने भी पहली बार स्टॉल लगाकर राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच पर दस्तक दी।
-1795442706487_m.webp)
वैश्विक मंच पर हरियाणा का जलवा। फोटो जागरण
HighLights
हरियाणा ने गोवा IFFI में फिल्म नीति और प्रतिभाएं प्रदर्शित कीं।
डीएलसी सुपवा ने पहली बार IFFI में अपना स्टॉल लगाया।
पश्चिम बंगाल मंत्री ने हरियाणा पवेलियन का दौरा कर जानकारी ली।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आइएफएफआई) में हरियाणा ने अपनी फिल्म नीति, सांस्कृतिक विरासत और रचनात्मक प्रतिभाओं के दम पर विशेष पहचान बनाई है।
महोत्सव के अंतर्गत आयोजित वेव्स फिल्म बाजार में हरियाणा पवेलियन फिल्म जगत की हस्तियों और विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
वहीं, रोहतक स्थित दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी आफ परफार्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसी सुपवा) ने पहली बार अपना स्टाल स्थापित कर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर दस्तक दी है।
वेव्स फिल्म बाजार के तीसरे दिन पश्चिम बंगाल सरकार की सूचना एवं संस्कृति विभाग की राज्य मंत्री पूर्णिमा चक्रवर्ती ने हरियाणा पवेलियन का दौरा किया। उन्होंने प्रदेश की फिल्म नीति, शूटिंग के लिए उपलब्ध सुविधाओं और फिल्म निर्माण की संभावनाओं की जानकारी ली।
सुपवा के कुलगुरु डा. अमित आर्य ने पवेलियन पहुंचकर फिल्म निर्माण और दृश्य कला के क्षेत्र में प्रदेश की संभावनाओं पर चर्चा की।
यूनिवर्सिटी का डेब्यू पोस्टर लॉन्च
हरियाणा सरकार की ओर से महोत्सव में अतिरिक्त निदेशक मनीष लोहान, संयुक्त निदेशक नीरज कुमार और एपीआरओ विकास मोर प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। आइएफएफआई में सुपवा के स्टाल का औपचारिक उद्घाटन नेशनल फिल्म डेवलपमेंट कारपोरेशन (एनएफडीसी) के चेयरमैन एवं मलयालम फिल्म अभिनेता जी कृष्ण कुमार और कुलगुरु डा. अमित आर्य ने किया। इस अवसर पर यूनिवर्सिटी का डेब्यू पोस्टर लांच किया गया।
ईसी सदस्य एवं नेशनल अवार्ड विजेता फिल्म निर्देशक अतुल गंगवार, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सलाहकार एवं एकेडमिक काउंसिल सदस्य सत्यनारायण तथा नेशनल अवार्ड विजेता निर्देशक मनीष सैनी और कमलेश मिश्र मौजूद रहे।
अतुल गंगवार और मनीष सैनी ने कहा कि आइएफएफआई जैसे मंच से छात्रों को फिल्मकारों और विशेषज्ञों के साथ संवाद तथा सहयोग के नए अवसर मिलेंगे।