विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा के स्कूलों में बच्चे कितने सुरक्षित? परखे जाएंगे इंतजाम, क्लासरूम में 6 साल की बच्ची से हुई थी मारपीट

Published: Sat, 14 Nov 2026 01:06 PM (IST)

हरियाणा के स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा इंतमात परखे जाएंगे। मानव अधिकार आयोग ने पंचकूला के एक स्कूल में बच्ची ...और पढ़ें

पंचकूला के सरकारी स्कूल में तीसरी कक्षा के छात्र ने बच्ची को बेरहमी से पीटा था। (एआई जनरेटेड फोटो)

पंचकूला के सरकारी स्कूल में तीसरी कक्षा के छात्र ने बच्ची को बेरहमी से पीटा था। (एआई जनरेटेड फोटो)

HighLights

  1. हरियाणा के स्कूलों के व्यापक सुरक्षा ऑडिट की सिफारिश।

  2. शिक्षकों की पर्याप्त उपलब्धता, सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित करें।

  3. बच्चों के लिए गोपनीय शिकायत निवारण व्यवस्था बने।

जागरण संवाददाता, पंचकूला। सेक्टर-20 स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में छह वर्षीय बच्ची के साथ मारपीट की घटना को गंभीरता से लेते हुए हरियाणा मानव अधिकार आयोग ने प्रदेश के सभी स्कूलों का समयबद्ध और व्यापक सुरक्षा ऑडिट करवाने की सिफारिश की है।

आयोग ने स्कूलों में शिक्षकों की पर्याप्त उपलब्धता, बच्चों की निगरानी, सीसीटीवी व्यवस्था और स्कूल प्रबंधन की जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आठ प्रमुख निवारक उपाय सुझाए हैं।

आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति लालित बत्रा ने सहायक रजिस्ट्रार डॉ. पुनीत अरोड़ा के साथ 31 अक्टूबर को संबंधित स्कूल का निरीक्षण किया था। इसके बाद 13 नवंबर को आयोग ने कहा कि स्कूल परिसर में प्रत्येक बच्चे की सुरक्षा सुनिश्चित करना शिक्षण संस्थान और प्रशासन की बुनियादी जिम्मेदारी है।

यह घटना केवल एक स्कूल तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश के स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। आयोग की पूर्ण पीठ, जिसमें अध्यक्ष न्यायमूर्ति लालित बत्रा, सदस्य कुलदीप जैन और दीप भाटिया शामिल हैं, ने जांच के दायरे में कई महत्वपूर्ण पहलुओं को शामिल किया है।

इनमें घटना के समय कितने शिक्षक और कर्मचारी ड्यूटी पर थे, अलग-अलग कक्षाओं के बच्चों को एक साथ तो नहीं पढ़ाया जा रहा था, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी कैसे हो रही थी और घायल बच्ची को समय पर चिकित्सा सहायता क्यों नहीं मिल सकी, जैसे सवाल शामिल हैं।

30 बच्चों पर एक शिक्षक का अनुपात निगरानी का विकल्प नहीं

आयोग ने शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत निर्धारित 30:1 विद्यार्थी-शिक्षक अनुपात का पालन सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही स्पष्ट किया है कि इसका अर्थ यह नहीं है कि एक शिक्षक 30 बच्चों को बिना निगरानी के छोड़ सकता है या अलग-अलग कक्षाओं के बच्चों को एक साथ बैठाकर पढ़ाया जा सकता है। छोटे बच्चों, विशेषकर बाल वाटिका के विद्यार्थियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की जरूरत बताई गई है।

आठ बिंदुओं पर सुधार की सिफारिश

आयोग ने सकारात्मक अभिभावकत्व को बढ़ावा देने, बच्चों के व्यवहार में बदलाव की समय रहते पहचान करने और स्कूलों में बाल मनोवैज्ञानिकों एवं काउंसलरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की सिफारिश की है। इसके अलावा गलियारों, सीढ़ियों और कक्षाओं के प्रवेश द्वार पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ फुटेज की नियमित निगरानी जरूरी बताई है।

प्रत्येक स्कूल में एक समान मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) लागू करने, शिक्षकों की पर्याप्त नियुक्ति, सभी स्कूलों का सुरक्षा ऑडिट और जिला व उपमंडल स्तर पर निगरानी समितियों को सक्रिय करने पर भी जोर दिया गया है। बच्चों के लिए गोपनीय शिकायत निवारण व्यवस्था बनाने की सिफारिश भी की गई है, ताकि वे बिना किसी डर के अपनी परेशानी बता सकें।

पांच वरिष्ठ प्राधिकरणों से रिपोर्ट तलब

आयोग ने प्रधान सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग, पुलिस आयुक्त पंचकूला, उपायुक्त पंचकूला, पीजीआइएमईआर चंडीगढ़ के निदेशक तथा स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक हरियाणा और सिविल सर्जन पंचकूला से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

शिक्षा विभाग से शिक्षकों की तैनाती, ड्यूटी रोस्टर, विद्यार्थियों की संख्या और सीसीटीवी फुटेज से संबंधित जानकारी मांगी गई है। पुलिस से एफआईआर और जांच की स्थिति, जबकि उपायुक्त से जांच समिति की कार्रवाई और सुधारात्मक कदमों का ब्योरा मांगा गया है।

पीजीआईएमईआर से बच्ची के उपचार और चिकित्सकीय स्थिति तथा स्वास्थ्य विभाग से प्रारंभिक उपचार और अस्पताल में रेफरल प्रक्रिया की रिपोर्ट मांगी गई है। आयोग ने दोनों बच्चों की पहचान और व्यक्तिगत विवरण गोपनीय रखने के भी निर्देश दिए हैं।

आयोग के सहायक रजिस्ट्रार डॉ. पुनीत अरोड़ा ने बताया कि आयोग इस मामले को केवल एक स्कूल की घटना नहीं, बल्कि बच्चों के जीवन, सुरक्षा और गरिमा से जुड़े व्यापक मुद्दे के रूप में देख रहा है। तीसरी कक्षा के 8 वर्षीय बच्चे ने बच्ची को बेरहमी से पीटा था। मामले की अगली सुनवाई 28 जनवरी, 2027 को निर्धारित की गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।