'हर शनिवार ड्यूटी करने पर रोडवेज मैकेनिक को नहीं मिलेगा अलग से मुआवजा', पंजाब-हरियाणा HC ने रद किया लेबर कोर्ट का आदेश
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने रोडवेज के तकनीकी कर्मचारियों को शनिवार की ड्यूटी के लिए अलग से मुआवजे या प्रतिपूरक अवकाश के अधिकार को खारिज कर दिया है।

पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट फाइल फोटो
HighLights
हाईकोर्ट ने रोडवेज तकनीकी कर्मचारियों के मुआवजे का आदेश रद्द किया
शनिवार ड्यूटी पर अलग से भुगतान का अधिकार नहीं मिलेगा
48 घंटे से अधिक काम करने पर ही मिलेगा अतिरिक्त लाभ
दयानंद शर्मा, चंडीगढ़। हरियाणा रोडवेज में शनिवार को ड्यूटी करने वाले तकनीकी कर्मचारियों के लिए पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है।
हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया है कि केवल इस आधार पर कि मंत्रालयिक कर्मचारियों को शनिवार और रविवार की छुट्टी मिलती है, तकनीकी कर्मचारियों को शनिवार की ड्यूटी के बदले अलग से आर्थिक मुआवजे या प्रतिपूरक अवकाश का अधिकार नहीं मिल जाता।
इसके लिए यह साबित करना होगा कि कर्मचारी ने सप्ताह में निर्धारित 48 घंटे से अधिक काम किया है और उस अतिरिक्त काम के बदले उसे कोई मुआवजा नहीं दिया गया।
तीन साल की अवधि का आर्थिक लाभ देने का निर्देश
जस्टिस कीर्ति सिंह ने हरियाणा सरकार की याचिका स्वीकार करते हुए औद्योगिक न्यायाधिकरण-सह-श्रम अदालत, चंडीगढ़ के 26 अक्टूबर 2021 के आदेश को रद कर दिया। श्रम अदालत ने हरियाणा रोडवेज में मैकेनिक के पद पर कार्यरत हरूप सिंह व अन्य को शनिवार को काम करने के बदले तीन वर्ष की अवधि का आर्थिक लाभ देने के निर्देश दिए थे।
मामले के अनुसार, हरूप सिंह व अन्य हरियाणा रोडवेज के चंडीगढ़ कार्यालय में मैकेनिक के पद पर कार्यरत हैं। उनका तर्क था कि विभाग में मंत्रालयिक कर्मचारियों को शनिवार और रविवार दोनों दिन अवकाश मिलता है, जबकि तकनीकी कर्मचारियों को शनिवार को भी ड्यूटी करनी पड़ती है। इसलिए उन्हें शनिवार को किए गए काम के बदले आर्थिक लाभ मिलना चाहिए।
श्रम अदालत ने उनकी मांग स्वीकार करते हुए विभाग को तीन वर्ष की पिछली अवधि का भुगतान करने और चार महीने के भीतर राशि की गणना कर अदा करने का आदेश दिया था। हरियाणा सरकार ने इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी।
सरकार ने क्या दलील दी?
सरकार की ओर से दलील दी गई कि तकनीकी कर्मचारियों का काम मंत्रालयिक कर्मचारियों से अलग है। बसों की मरम्मत और रखरखाव के लिए तकनीकी कर्मचारियों की उपलब्धता पूरे सप्ताह जरूरी है। हरियाणा रोडवेज सेवा नियम 1995 के नियम 22 के तहत तकनीकी और परिचालन कर्मचारियों के काम के घंटे कारखाना अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार निर्धारित हैं।
सरकार ने यह भी बताया कि तकनीकी कर्मचारियों को राजपत्रित छुट्टियों के बदले अधिक अर्जित अवकाश मिलता है और अतिरिक्त समय काम करने पर अलग से भुगतान भी किया जाता है। ऐसे में शनिवार को ड्यूटी करने मात्र से दोहरा लाभ नहीं दिया जा सकता।
हालांकि कोर्ट ने राहत का रास्ता खुला रखा है। वे श्रम अदालत में नई याचिका दायर कर यह साबित कर सकते हैं कि उन्होंने सप्ताह में 48 घंटे से अधिक काम किया और उसके बदले उन्हें न तो प्रतिपूरक अवकाश मिला और न ही निर्धारित भुगतान। ऐसी स्थिति में वे अतिरिक्त वेतन या अन्य अनुमन्य लाभ पाने के हकदार होंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।