विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 19, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Haryana Cabinet Expansion: एक कैबिनेट मंत्री समेत सात मंत्रियों ने ली शपथ, कैबिनेट में जगह नहीं बना पाए निर्दलीय MLA

Published: Tue, 19 Mar 2024 09:28 AM (IST)Updated: Tue, 19 Mar 2024 05:21 PM (IST)

Haryana Cabinet Expansion दिल्ली में आलाकमान से हरी झंडी मिलने के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मंत्रिमंडल ...और पढ़ें

Haryana News: हरियाणा कैबिनेट में शपथ समारोह शुरू, यहां जानें पल-पल का अपडेट
Haryana News: हरियाणा कैबिनेट में शपथ समारोह शुरू, यहां जानें पल-पल का अपडेट

अनुराग अग्रवाल, चंडीगढ़। हरियाणा के नए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की टीम बनकर तैयार हो गई है। मंगलवार को राजभवन में एक कैबिनेट मंत्री और सात राज्य मंत्रियों ने मंत्रिमंडल के सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण की। कैबिनेट मंत्रियों में हिसार के दूसरी बार के विधायक डा. कमल गुप्ता को शामिल किया गया है। वह पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के मंत्रिमंडल में भी शहरी निकाय मंत्री थे।

सात राज्य मंत्रियों में ये नए नाम शामिल

सात राज्य मंत्रियों में बड़खल की विधायक सीमा त्रिखा, पानीपत ग्रामीण के विधायक महिपाल ढांडा, अंबाला शहर के विधायक असीम गोयल, नांगल चौधरी के विधायक डा. अभय सिंह यादव, कुरुक्षेत्र के विधायक सुभाष सुधा, बवानीखेड़ा के विधायक विशंभर सिंह वाल्मीकि तथा सोहना के विधायक संजय सिंह को मंत्री बनाया गया है।

नायब मंत्रिमंडल में सातों राज्य मंत्रियों को स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया है। नायब सैनी ने जब मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, तब उनके साथ कैबिनेट मंत्रियों के रूप में जगाधरी के विधायक कंवरपाल गुर्जर, रानियां के विधायक रणजीत सिंह चौटाला, बल्लभगढ़ के विधायक पंडित मूलचंद शर्मा, बावल के विधायक डा. बनवारी लाल और लोहारू के विधायक जयप्रकाश दलाल ने भी शपथ ली थी। यह पांचों मंत्री पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के मंत्रिमंडल में भी मंत्री के तौर पर शामिल थे। 90 सदस्यीय विधानसभा में 14 मंत्री बनाए जा सकते हैं।

मनोहर लाल के कार्यकाल में शामिल थे 14 मंत्री

मनोहर लाल के कार्यकाल में भी मंत्रिमंडल में सीएम समेत 14 मंत्री थे और अब नायब सिंह सैनी के मंत्रिमंडल में भी उनके समेत 14 मंत्री हो गए हैं। नये मंत्रिमंडल में पुराने चेहरों पर नये चेहरे भारी पड़े हैं। मनोहर मंत्रिमंडल के छह सदस्यों को नायब सिंह सैनी के मंत्रिमंडल में जगह मिली है, जबकि आठ मंत्री नये बने हैं।

इनमें सुभाष सुधा और असीम गोयल की गिनती सीएम नायब सैनी के नजदीकियों में होती है। बाकी पर पूर्व सीएम मनोहर लाल के नाम की छाप है। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने सभी मंत्रियों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। भाजपा ने जितने नये मंत्रियों को शपथ दिलाई है, उनमें अधिकतर दूसरी बार के विधायक हैं। मंत्री बनाते समय क्षेत्रीय व जातीय संतुलन का पूरा ध्यान रखा गया।

विज के स्थान पर असीम गोयल को मिला लाभ

निर्दलीय विधायकों की मंत्री बनने की आस टूटी नायब सिंह सैनी के मंत्रिमंडल के दायित्व ग्रहण समारोह का सबसे चौंकाने वाला पहलू पूर्व गृह मंत्री अनिल विज का मंत्रिमंडल में शामिल नहीं होना है। नायब सैनी ने जब मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, तब शपथ ग्रहण करने वाले कैबिनेट मंत्रियों की सूची में अनिल विज का भी नाम था, लेकिन तब उन्होंने शपथ नहीं ली थी।

हालांकि बाद में अनिल विज ने बयान दिया कि उन्हें इस बारे में कोई सूचना नहीं दी गई थी। मंगलवार को मंत्रिमंडल विस्तार से करीब चार घंटे पहले अनिल विज चंडीगढ़ आए थे, लेकिन विस्तार होने से पहले ही वापस अंबाला छावनी चले गए। इसलिए विज को मंत्रिमंडल विस्तार में भी जगह नहीं मिली अथवा जगह नहीं दी गई है।

मंत्री बनने का लंबे समय से इंतजार कर रहे निर्दलीय विधायकों को मंत्रिमंडल विस्तार में कोई महत्व नहीं मिला। उनकी तरफ से पूर्व में शामिल रानियां के विधायक रणजीत सिंह चौटाला को ही मंत्रिमंडल में शामिल किया गया, जो कि मनोहर लाल की सरकार में भी मंत्री थे। अनिल विज के स्थान पर अंबाला जिले को प्रतिनिधित्व देने के लिए भाजपा ने अंबाला शहर के विधायक असीम गोयल को मंत्रिमंडल में राज्य मंत्री के रूप में प्रतिनिधित्व दिया है।

निर्दलीय नहीं बना पाए जगह

यहां देखें पूरा ब्योरा

हरियाणा में ‘नायब सरकार

मुख्यमंत्री नायब सैनी का नया मंत्रिमंडल

कैबिनेट मंत्री

1:कंवरपाल गुर्जर

2:मूलचंद शर्मा

3:रणजीत सिंह चौटाला

4:जेपी दलाल

5:डा. बनवारी लाल

6.डा. कमल गुप्ता

राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार

1:सीमा त्रिखा

2:महिपाल ढांडा

3:असीम गोयल

4:डा. अभय सिंह यादव

5:सुभाष सुधा

6:बिशंबर वाल्मीकि

7: संजय सिंह

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।