हरियाणा के राजनेताओं को कोरोना ले रहा चपेट में, जानें अब तक कौन-कौन हो चुका संक्रमित
हरियाणा में अब तक कई नेता कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। हालांकि अधिकांश कोरोना को मात दे चुके हैं। वहीं बिजली मंत्री की रिपोर्ट नेगेटिव आई है जबकि दीपेंद्र को अब बुखार नहीं हैैै।
जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा में कोरोना वायरस आम लोगों के साथ राजनेताओं को भी अपनी चपेट में ले रहा है। अभी तक विभिन्न पार्टियों के दो दर्जन से अधिक नेताओं को कोरोना हो चुका है। आधा दर्जन से अधिक नेताओं ने कोरोना को शिकस्त दे दी है। कुछ नेताओं का अभी अस्पतालों में उपचार चल रहा है तो कुछ नेता खुद होम क्वारंटाइन रहकर ही महामारी से जंग जीतने की कोशिश में हैं। अधिकतर वह नेता कोरोना संक्रमित हुए हैं, जिन्होंने बरोदा हलके में बार-बार दौरे किए हैं।
इस बीच, राहत की बात यह है कि हरियाणा के बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने कोविड को हरा दिया है। मंगलवार को रणजीत सिंह की रिपोर्ट नेगेटिव आई। वे गुरुग्राम के मेदांता में दाखिल थे। यहां से डिस्चार्ज होकर वे कुछ दिनों तक घर पर ही आइसोलेशन में रहेंगे। वहीं, उनकी धर्मपत्नी, बेटे और पोती का अभी मेदांता में ही उपचार चल रहा है। कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य व राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्डा को पिछले दो दिनों से बुखार नहीं है। उनकी स्थिति में काफी सुधार है। उनके बरोदा के कार्यक्रम स्थगित हो गए हैं।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल 25 अगस्त से मेदांता में दाखिल हैं। मंगलवार को उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आती है तो उन्हें भी अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। इसके बाद मनोहर लाल चंडीगढ़ स्थित सरकारी कोठी पर ही कुछ दिनों के लिए होम क्वारंटाइन रहेंगे। उनके प्रधान सचिव राजेश खुल्लर भी आइसोलेट हैं। उनके स्वास्थ्य में सुधार है और वे घर पर ही सावधानी बरत रहे हैं। सीएम के ओएसडी भूपेश्वर दयाल का मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में उपचार चल रहा है।
मुख्यमंत्री के आइटी एडवाइजर ध्रुव मजूमदार भी संक्रमित हो चुके हैं। भाजपा के तीन सांसद हिसार से बृजेंद्र सिंह, कुरुक्षेत्र से नायब सिंह सैनी और करनाल से संजय भाटिया महामारी से जंग जीत चुके हैं। फरीदाबाद के सांसद व केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर का अभी इलाज चल रहा है। स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता पिछले हाल ही में कोरोना को हरा चुके हैं। वे चंडीगढ़ के सेक्टर-दो स्थित सरकारी कोठी पर क्वारंटाइन हैं।
परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी, लेकिन उन्होंने एक सप्ताह में ही कोरोना को हरा दिया। क्वारंटाइन पीरियड पूरा करने के बाद अब वे फिर से मैदान में आ गए हैं। चंडीगढ़ पहुंचे मूलचंद शर्मा ने विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक बुला ली है। कृषि मंत्री जयप्रकाश दलाल की रिपोर्ट दो दिन पहले नेगेटिव आ चुकी है। फिलहाल दलाल सप्ताह भर तक घर पर ही आइसोलेट रहेंगे।
थानेसर के भाजपा विधायक सुभाष सुधा को पिछले महीने कोरोना हुआ था। अब वे पूरी तरह से स्वस्थ हैं। घरौंडा विधायक हरविंद्र कल्याण, हांसी विधायक विनोद भ्याना, रतिया विधायक लक्षमण सिंह नापा, अंबाला सिटी के विधायक असीम गोयल, पानीपत ग्रामीण के विधायम महिपाल ढांडा व इंद्री के विधायक रामकुमार कश्यप भी संक्रमित हो चुके हैं। इन सभी का स्वास्थ्य अब काफी बेहतर है। हरविंद्र कल्याण की धर्मपत्नी रेशमा कलयाण मेदांता में दाखिल हैं।