विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा पुलिस में एक सप्ताह पहले ही विंटर यूनिफार्म लागू, डीजीपी ने जारी किए आदेश

Published: Tue, 10 Nov 2026 03:36 PM (IST)

बदलते मौसम और सर्दी की जल्दी शुरुआत के कारण हरियाणा पुलिस में शीतकालीन वर्दी लागू कर दी गई है।

डीजीपी अजय सिंघल (फाइल फोटो)

डीजीपी अजय सिंघल (फाइल फोटो)

HighLights

  1. हरियाणा पुलिस में शीतकालीन वर्दी समय से पहले लागू की गई

  2. डीजीपी अजय सिंघल ने मौसम को देखते हुए आदेश जारी किए

  3. खाकी जर्सी, जैकेट सहित सर्दियों के लिए नया ड्रेस कोड

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। बदलते मौसम और सर्दी की जल्दी शुरुआत को देखते हुए हरियाणा पुलिस में शीतकालीन वर्दी (विंटर यूनिफार्म) लागू कर दी गई है।

इस संबंध में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अजय सिंघल की ओर से आदेश जारी किए गए हैं। डीजीपी कार्यालय की तरफ से प्रदेश के सभी जिला पुलिस अधीक्षकों (एसपी), पुलिस आयुक्तों और रेंज के पुलिस महानिरीक्षकों (आइजी) को पत्र भेजकर इस निर्णय की जानकारी दी गई है।

निर्धारित नियमों के अनुसार सामान्य तौर पर 15 नवंबर से 15 मार्च तक विंटर यूनिफार्म पहनी जाती है। हालांकि, मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए डीजीपी इसके समय में बदलाव कर सकते हैं।

जारी आदेश में कहा गया है कि इस बार सर्दियों की शुरुआत जल्दी होने के मद्देनजर पुलिस कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए विंटर यूनिफार्म लागू करने का निर्णय लिया गया है।

इसके बाद प्रदेशभर में पुलिसकर्मी निर्धारित शीतकालीन वर्दी के अनुसार ड्यूटी करेंगे। इसका उद्देश्य मौसम के अनुरूप पुलिसकर्मियों को सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ वर्दी संबंधी एकरूपता और अनुशासन बनाए रखना है।

हरियाणा पुलिस में वर्दी पहनने को लेकर विस्तृत नियम निर्धारित हैं। पुलिस मुख्यालय की ओर से 2024 में जारी यूनिफार्म रेगुलेशन नंबर-18 में विभिन्न रैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए वर्दी, कैप, बैज, नेम प्लेट और अन्य वर्दी संबंधी वस्तुओं के मानक तय किए गए हैं।

इन नियमों के अनुसार पुलिसकर्मियों को परेड, औपचारिक कार्यक्रमों और पुलिस अधिकारी के रूप में कानूनी शक्तियों का इस्तेमाल करने वाली ड्यूटी के दौरान निर्धारित वर्दी पहनना अनिवार्य है। अपराध की रोकथाम, जांच और कानून व्यवस्था से जुड़ी सार्वजनिक ड्यूटी के दौरान भी पुलिसकर्मियों की पहचान स्पष्ट होनी चाहिए।

वर्दी संबंधी प्रमुख व्यवस्थाएं इस प्रकार हैं

  • गर्मियों में खाकी टेरी काटन शर्ट और पैंट की जगह सर्दियों में एंगोरा शर्ट और सर्ज खाकी पैंट पहनने का प्रविधान है।
  • सर्दियों में पुलिस मुख्यालय की ओर से स्वीकृत डिजाइन और पैटर्न की खाकी जर्सी अथवा जैकेट पहनने की अनुमति है।
  • अलग-अलग रैंक के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए निर्धारित रंग और डिजाइन की कैप तय है। अपनी मर्जी से अलग रंग या डिजाइन की कैप पहनने की अनुमति नहीं है।
  • निर्धारित ड्रेस कोड के अनुसार जूतों और मोजों का रंग व प्रकार तय किया गया है। सर्दियों में खाकी ऊनी मोजे पहनने का प्रविधान है।
  • वर्दी पर निर्धारित डिजाइन की नेम प्लेट, हरियाणा पुलिस का प्रतीक चिह्न और रैंक के अनुसार स्टार व बैज लगाना अनिवार्य है। नेम प्लेट हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में होती है।
  • वर्दी पर लगी नेम प्लेट के माध्यम से किसी भी पुलिसकर्मी को अपनी जाति या गोत्र प्रदर्शित करने की अनुमति नहीं है।
  • ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारियों के लिए सफेद शर्ट और नेवी ब्लू पैंट सहित अलग ड्रेस कोड निर्धारित है। सर्दियों में इनके लिए भी पुलिस मुख्यालय द्वारा स्वीकृत जैकेट का प्रविधान है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।