हरियाणा के मंत्री राजेश नागर के समधि लड़ चुके वंसुधरा राजे के खिलाफ चुनाव, राजस्थान में खनन के बड़े कारोबारी
हरियाणा के मंत्री राजेश नागर की बेटी मुस्कान ने राजस्थान के प्रमुख माइनिंग कारोबारी संजय सिंह रावत के बेटे नेहुल से शादी की। संजय सिंह रावत का राजनीतिक इतिहास भी रहा है, जिन्होंने वसुंधरा राजे के खिलाफ चुनाव लड़ा था।

राजेश नागर और उनके समधि संजय सिंह रावत।
डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। हरियाणा सरकार में मंत्री राजेश नागर की बेटी मुस्कान बुधवार रात राजस्थान के प्रमुख माइनिंग कारोबारी संजय सिंह रावत के बेटे नेहुल के साथ विवाह बंधन में बंध गईं। पंचकूला सेक्टर-3 स्थित लग्जरी होटल द आरलिस में आयोजित भव्य शादी समारोह हुआ।
नेहुल के पिता संजय सिंह रावत राजस्थान के जयपुर निवासी हैं और माइनिंग कारोबार से जुड़े हैं। उनका राजनीतिक सफर भी रहा है। उन्होंने वर्ष 2004 में कांग्रेस के टिकट पर झालावाड़ लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में उनका मुकाबला राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से हुआ था।
हालांकि, उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद वर्ष 2013 में उन्होंने खानपुर विधानसभा सीट से भी चुनाव लड़ा, लेकिन यहां भी जीत नहीं मिली। लगातार दो चुनावों में हार के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति से दूरी बनाकर अपने कारोबारी हितों पर ध्यान केंद्रित किया। अब उनका बेटा नेहुल भी पारिवारिक कारोबार में हाथ बंटा रहा है।
2019 में पहली बार विधायक बने थे राजेश नागर
राजेश नागर ने 2014 के विधानसभा चुनाव से राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। भाजपा के टिकट पर फरीदाबाद की तिगांव सीट से कांग्रेस प्रत्याशी ललित नागर से हार गए थे। 2019 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने दोबारा टिकट दिया तो उन्होंने ललित नागर को 33,841 वोटों से हराकर विधानसभा में एंट्री की।
उन्हें 97,126 और ललित नागर को 63,285 वोट मिले थे। 2024 के विधानसभा चुनाव में नागर ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की। उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी ललित नागर को 37,401 वोट से हराया।
इसके बाद 17 अक्टूबर 2024 को नायब सिंह सैनी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में उन्हें राज्य मंत्री बनाया गया। उन्हें खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले तथा प्रिंटिंग एवं स्टेशनरी विभाग का स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।