हरियाणा के मंत्री राजेश नागर की बेटी विवाह बंधन में बंधीं, CM सैनी समेत कई दिग्गज पहुंचे आशीर्वाद देने
हरियाणा के मंत्री राजेश नागर की बेटी मुस्कान ने राजस्थान के खनन कारोबारी संजय सिंह रावत के बेटे नेहुल से पंचकूला में शादी की। मुख्यमंत्री नायब सैनी सहित कई राजनीतिक दिग्गजों और अधिकारियों ने इस भव्य समारोह में नवदंपति को आशीर्वाद दिया।

नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देने पहुंचे हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी।
HighLights
मंत्री राजेश नागर की बेटी मुस्कान का नेहुल से विवाह।
मुख्यमंत्री नायब सैनी सहित कई दिग्गज आशीर्वाद देने पहुंचे।
अंतर्राष्ट्रीय शेफ ने तैयार किए विभिन्न देशों के लजीज पकवान।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। हरियाणा सरकार में मंत्री राजेश नागर की बेटी मुस्कान बुधवार रात राजस्थान के प्रमुख माइनिंग कारोबारी संजय सिंह रावत के बेटे नेहुल के साथ विवाह बंधन में बंध गईं।
पंचकूला सेक्टर-3 स्थित लग्जरी होटल द आरलिस में आयोजित भव्य शादी समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित हरियाणा और पंजाब के कई राजनीतिक दिग्गजों, वरिष्ठ अधिकारियों और गणमान्य लोगों ने शिरकत कर नवदंपती को आशीर्वाद दिया।
शादी समारोह में दूल्हे नेहुल ने मुस्कान का हाथ थामकर स्टेज पर एंट्री की। इस दौरान मेहमानों ने तालियों के साथ नवदंपती का स्वागत किया। समारोह में मेहमानों के लिए खास इंतजाम किए गए थे। डिनर में देश-विदेश के विभिन्न व्यंजन परोसे गए।
खास बात यह रही कि मेहमानों के लिए लजीज पकवान तैयार करने के लिए विदेशों से महिला और पुरुष शेफ बुलाए गए थे। सीरिया, कजाकिस्तान और कोलंबिया समेत कई देशों के शेफ ने अपने-अपने देश के खास व्यंजन तैयार किए, जिनका मेहमानों ने स्वाद लिया।
मेलबर्न से ग्रेजुएशन, नेहुल ने की है कानून की पढ़ाई
मुस्कान ने ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की है, जबकि नेहुल ने जिंदल यूनिवर्सिटी से कानून की डिग्री हासिल की है। पढ़ाई पूरी करने के बाद नेहुल अपने पिता के साथ पारिवारिक कारोबार संभाल रहे हैं।
वसुंधरा राजे के खिलाफ लड़ चुके हैं चुनाव
नेहुल के पिता संजय सिंह रावत राजस्थान के जयपुर निवासी हैं और माइनिंग कारोबार से जुड़े हैं। उनका राजनीतिक सफर भी रहा है। उन्होंने वर्ष 2004 में कांग्रेस के टिकट पर झालावाड़ लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था।
इस चुनाव में उनका मुकाबला राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से हुआ था। हालांकि, उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद वर्ष 2013 में उन्होंने खानपुर विधानसभा सीट से भी चुनाव लड़ा, लेकिन यहां भी जीत नहीं मिली।
लगातार दो चुनावों में हार के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति से दूरी बनाकर अपने कारोबारी हितों पर ध्यान केंद्रित किया। अब उनका बेटा नेहुल भी पारिवारिक कारोबार में हाथ बंटा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।