विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में सरकारी खजाने की सुरक्षा पर बड़ा फैसला, अब हर डिजिटल पेमेंट का होगा रोजाना मिलान; थर्ड-पार्टी सर्वर पर लगी रोक

Published: Mon, 23 Nov 2026 06:43 PM (GMT+05:30)

हरियाणा सरकार ने सरकारी धन और डिजिटल भुगतान को साइबर हमलों व धोखाधड़ी से बचाने के लिए कड़े सुरक्षा उपाय लागू किए हैं।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी। फाइल फोटो

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी। फाइल फोटो

HighLights

  1. सरकारी बैंक खातों का रोजाना इलेक्ट्रॉनिक लेनदेन मिलान अनिवार्य।

  2. अधिकृत लाभार्थियों की प्रमाणित सूची बैंकों को देना जरूरी।

  3. मेकर-चेकर प्रणाली और सरकारी क्लाउड उपयोग अनिवार्य।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। सरकारी धन और डिजिटल भुगतान व्यवस्था को साइबर हमलों, वित्तीय अनियमितताओं और संभावित धोखाधड़ी से सुरक्षित रखने के लिए हरियाणा सरकार ने कदम उठाया है। वित्त विभाग ने प्रदेश के सभी सरकारी विभागों, बोर्ड-निगमों, प्राधिकरणों और विश्वविद्यालयों को डिजिटल भुगतान से जुड़े सुरक्षा प्रबंध तत्काल लागू करने के निर्देश दिए हैं।

सरकारी बैंक खातों में होने वाले प्रत्येक इलेक्ट्रॉनिक लेनदेन का रोजाना मिलान करना होगा। साथ ही, अधिकृत लाभार्थियों, विक्रेताओं और भुगतान प्राप्तकर्ताओं की प्रमाणित सूची संबंधित बैंकों को देनी होगी, ताकि सूची से बाहर किसी खाते में सरकारी धन हस्तांतरित न हो।

वित्त विभाग ने चार सुरक्षा उपाय तय किए हैं। निर्देश प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, बोर्ड-निगमों के प्रबंध निदेशकों व मुख्य प्रशासकों, मंडलायुक्तों, उपायुक्तों और विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को भेजे गए हैं। सभी संस्थानों को अपने बैंक खातों के इलेक्ट्रॉनिक लेनदेन का स्वचालित तरीके से रोजाना मिलान करना होगा।

इसके लिए विभागीय लेखा प्रणाली (ERP/Treasury) और बैंक स्टेटमेंट का मिलान अनिवार्य है। दोनों रिकॉर्ड में अंतर मिलने पर उसे चिह्नित कर 24 घंटे में दूर करना होगा।

डेटा सेंटर का उपयोग किया जा सकेगा

हर संस्था को अधिकृत लाभार्थियों, विक्रेताओं और भुगतान प्राप्तकर्ताओं की प्रमाणित एवं भौतिक सूची सीधे संबंधित बैंक को देनी होगी। बैंकों के साथ स्पष्ट कानूनी व्यवस्था भी करनी होगी, ताकि सूची से बाहर किसी संस्था या खाते में भुगतान, प्रसंस्करण अथवा धन हस्तांतरण न हो सके।

सभी सरकारी संस्थाओं को अपने एप्लीकेशन, डेटाबेस और सर्वर आधिकारिक सरकारी क्लाउड पर स्थानांतरित करने की योजना तत्काल शुरू करनी होगी।

इसके लिए केंद्र या राज्य सरकार के पैनल में शामिल क्लाउड, जीआइ क्लाउड ‘मेघराज’ अथवा राष्ट्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSU) के डेटा सेंटर का उपयोग किया जा सकेगा। बिना सत्यापन वाले व्यावसायिक थर्ड पार्टी प्लेटफार्म पर सरकारी काम और UAT/staging वातावरण की होस्टिंग प्रतिबंधित है।

मेकर-चेकर प्रणाली अनिवार्य

पैरेंट-चाइल्ड अकाउंट व्यवस्था में मेकर-चेकर प्रणाली अनिवार्य होगी। चाइल्ड स्तर पर शुरू होने वाले भुगतान, धन हस्तांतरण और आवंटन में बदलाव निर्धारित दोहरी जांच प्रक्रिया से होंगे। कोई कर्मचारी या स्वचालित व्यवस्था अकेले भुगतान शुरू कर उसे अंतिम रूप नहीं दे सकेगी।

सभी चार उपायों की प्रारंभिक तैयारी रिपोर्ट निर्देश जारी होने के 15 कार्यदिवस के भीतर सक्षम प्राधिकारी को देनी होगी। अनुपालन न होने पर संबंधित संस्थान की डिजिटल ट्रेजरी भुगतान अवधि अस्थायी रूप से निलंबित की जा सकती है।


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।