स्वच्छ भारत मिशन में हरियाणा आगे, 6520 गांव ओडीएफ प्लस घोषित; 291 करोड़ की वार्षिक कार्य योजना मंजूर
हरियाणा स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण में अग्रणी राज्य बन गया है, जिसने ओडीएफ प्लस मॉडल श्रेणी में 91.08% कवरेज हासिल किया है। यह राष्ट्रीय औसत से काफी अधिक है।

हरियाणा में 6520 गांव ओडीएफ प्लस घोषित। फोटो जागरण
HighLights
हरियाणा ओडीएफ प्लस मॉडल श्रेणी में 91.08% कवरेज।
6520 गांव ओडीएफ प्लस, 6028 गांवों को मॉडल दर्जा।
291 करोड़ रुपये की वार्षिक कार्य योजना स्वीकृत।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत हरियाणा देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है। ओडीएफ प्लस माडल श्रेणी में राज्य ने 91.08 प्रतिशत कवरेज हासिल किया है, जो राष्ट्रीय औसत 85.3 प्रतिशत से अधिक है। हरियाणा के कुल 6618 गांवों में से 6520 गांव ओडीएफ प्लस हो चुके हैं, जबकि 6,028 गांवों ने माडल का दर्जा प्राप्त कर लिया है।
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई हरियाणा राज्य स्वच्छ भारत मिशन की कार्यकारी समिति की बैठक में 291 करोड़ रुपये की वार्षिक कार्य योजना को मंजूरी दी गई।
विकास एवं पंचायत विभाग के आयुक्त एवं सचिव डा. साकेत कुमार ने बताया कि अब तक प्रदेश में सात लाख 35 हजार से अधिक व्यक्तिगत घरेलू शौचालय बनाए जा चुके हैं।
वर्ष 2025-26 में 7941 शौचालयों का निर्माण किया गया, जो 6670 के निर्धारित लक्ष्य से अधिक है। इस अवधि में दो लाख से अधिक लाभार्थी परिवारों को 192 करोड़ रुपये दिए गए।
नए वित्तीय वर्ष में घरेलू शौचालयों के निर्माण, सामुदायिक स्वच्छता परिसर, गांवों में ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाइयों की स्थापना तथा बायोगैस (गोबर-धन) परियोजनाओं को लागू किया जाएगा।
