विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कांग्रेस संगठन में बढ़ा हरियाणा का दखल, नियुक्तियों में बदली तस्वीर; प्रदीप नरवाल-विनीत पुनिया को तीसरी बार जिम्मेदारी

Published: Fri, 20 Nov 2026 08:55 PM (GMT+05:30)

कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन में हरियाणा का दखल बढ़ा है, जहां कई नेताओं को राष्ट्रीय सचिव बनाकर अलग-अलग राज्यों में जिम्मेदारियां दी गई हैं।

कांग्रेस संगठन में बढ़ा हरियाणा का दखल, नियुक्तियों में बदली सियासी तस्वीर।

कांग्रेस संगठन में बढ़ा हरियाणा का दखल, नियुक्तियों में बदली सियासी तस्वीर।

HighLights

  1. राहुल-प्रियंका ने स्वयं इंटरव्यू लेकर राष्ट्रीय सचिव चुने

  2. हरियाणा के नेताओं को अन्य राज्यों में मिली अहम जिम्मेदारी

  3. प्रदीप नरवाल, विनीत पुनिया को तीसरी बार पद मिला

अनुराग अग्रवाल, चंडीगढ़। कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन में हुई नई नियुक्तियों ने हरियाणा की सियासत में संगठनात्मक प्रतिनिधित्व की एक नई तस्वीर पेश की है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने हरियाणा से जुड़े कई नेताओं को राष्ट्रीय सचिव बनाकर अलग-अलग राज्यों और राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

इस बार इन नियुक्तियों की खासियत केवल नेताओं को पद मिलना नहीं, बल्कि चयन की बदली हुई प्रक्रिया भी है। राष्ट्रीय सचिवों के चयन में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने स्वयं इंटरव्यू लिए थे। राज्यवार दावेदारों की सूची मंगवाई गई और जातीय समीकरणों के साथ नेताओं के संगठनात्मक अनुभव का आकलन करने के बाद नामों पर अंतिम मुहर लगाई गई।

हरियाणा के लिए इस पूरी कवायद के कई राजनीतिक और संगठनात्मक मायने हैं। हिमाचल प्रदेश के दीपक राठौर और मुंबई (महाराष्ट्र) के सुनील अहिरे को हरियाणा से राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। दीपक राठौर हिमाचल की ठियोंग विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं और तेलंगाना में संगठन पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी निभा चुके हैं।

वहीं, सुनील अहिरे राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस के प्रवक्ता रह चुके हैं। कांग्रेस में संगठनात्मक नियुक्तियों के तहत संबंधित नेता को उसके मूल राज्य की बजाय किसी दूसरे राज्य से राष्ट्रीय सचिव बनाए जाने का प्रविधान है।

हरियाणा से राष्ट्रीय सचिव बनने के लिए दो दर्जन से अधिक नेताओं ने इंटरव्यू दिए थे। इनमें डबवाली के पूर्व विधायक अमित सिहाग, महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सुधा भारद्वाज, करनाल से लोकसभा चुनाव लड़ चुके दिव्यांशु बुद्धिराजा, करनाल कांग्रेस ग्रामीण के जिला प्रधान राजेश वैद्य, रानियां से चुनाव लड़ चुके सर्वमित्र कांबोज, सोहना से चुनाव लड़ चुके रोहताश बेदी और युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव रह चुके हिम्मत सिंह शामिल हैं।

इनके अलावा, कांग्रेस सेवादल की प्रदेश अध्यक्ष पूनम चौहान, कांग्रेस ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय सचिव रह चुके अनिल सैनी, पटौदी से चुनाव लड़ चुके सुधीर चौधरी और युवक कांग्रेस की नेता खुशबू शर्मा ने भी राष्ट्रीय सचिव पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की थी।

नई नियुक्तियों में सबसे महत्वपूर्ण पहलू चयन प्रक्रिया में केंद्रीय नेतृत्व की सीधी भागीदारी को माना जा रहा है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की सीधी भागीदारी के कारण हरियाणा के किसी नेता ने अपनी पसंद के नाम राष्ट्रीय सचिव बनाने के लिए नहीं भेजे।

प्रदीप नरवाल व विनीत पुनिया को तीसरी बार जिम्मेदारी

हरियाणा के सोनीपत जिले के गांव कथूरा निवासी प्रदीप नरवाल को इस बार बिहार से कांग्रेस का राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी रह चुके प्रदीप नरवाल भिवानी जिले की बवानीखेड़ा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। फिलहाल वह बिहार कांग्रेस के सह प्रभारी हैं।

वर्ष 2021 में जब उन्हें पहली बार एआईसीसी का राष्ट्रीय सचिव बनाया गया था, तब वह इस पद पर नियुक्त होने वाले सबसे युवा नेताओं में शामिल थे। वर्ष 2024 में उन्हें दोबारा उत्तर प्रदेश से राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी मिली और अब तीसरी बार इस पद पर नियुक्ति हुई।

फतेहाबाद के रहने वाले डॉ. विनीत पुनिया को भी लगातार तीसरी बार कांग्रेस का राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया है। हालांकि, उनकी नई जिम्मेदारी का स्वरूप पहले से अलग और महत्वपूर्ण है। उन्हें पार्टी के संचार, प्रचार एवं मीडिया विभाग के साथ-साथ सोशल और डिजिटल मीडिया की जिम्मेदारी सौंपी गई है। डॉ.. विनीत पुनिया इससे पहले आंतरिक कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी रह चुके हैं।

सुभाषिनी, योगेंद्र योगी और मनोज बागड़ी को अहम राज्यों की कमान

दिवंगत समाजवादी नेता शरद यादव और डॉ. रेखा यादव की बेटी सुभाषिनी यादव को गुजरात से कांग्रेस का राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। उनका विवाह जेडीयू हरियाणा के पूर्व अध्यक्ष कमलवीर सिंह के बेटे राजकमल के साथ हुआ है। सुभाषिनी यादव गुजरात कांग्रेस की प्रभारी रह चुकी हैं और बिहार की बिहारीगंज विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुकी हैं। वह इससे पहले भी गुजरात से राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी निभा चुकी हैं।

कांग्रेस ओबीसी के राष्ट्रीय समन्वयक और झारखंड के प्रभारी रह चुके योगेंद्र योगी को महाराष्ट्र से राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया है। हरियाणा के हांसी क्षेत्र के गांव मुजादपुर के रहने वाले योगेंद्र योगी हरियाणा केशकला एवं कौशल विकास बोर्ड के चेयरमैन रह चुके हैं। ओबीसी संगठन में राष्ट्रीय स्तर पर काम करने और झारखंड में प्रभारी की भूमिका निभाने का अनुभव अब उनके महाराष्ट्र के नए दायित्व में काम आएगा।

कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ हरियाणा के अध्यक्ष मनोज बागड़ी को राजस्थान से राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। कांग्रेस एससी प्रकोष्ठ में रहते उन्होंने बढ़िया काम किया है।

पुराने चेहरों में कुछ को दोबारा मौका नहीं

नई नियुक्तियों में कुछ पुराने राष्ट्रीय सचिवों को इस बार जगह नहीं मिली है। पिछली सूची में शामिल चिरंजीव राव और चेतन चौहान को इस बार राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी नहीं दी गई है। चिरंजीव राव को पहले राजस्थान और चेतन चौहान को हिमाचल प्रदेश के लिए राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।