विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महिला IAS अधिकारी पर टिप्पणी मामले में दुकानदार को राहत, हाई कोर्ट ने रद किया SC-ST एक्ट का केस

Published: Sat, 28 Nov 2026 08:30 PM (IST)

पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट ने चरखी दादरी में एक दुकानदार के खिलाफ दर्ज एससी-एसटी एक्ट का मामला रद्द कर दिया है।

दुकानदार ने उपायुक्त को कहा कोटे की अधिकारी, हाईकोर्ट ने रद किया एससी-एसटी केस।

दुकानदार ने उपायुक्त को कहा कोटे की अधिकारी, हाईकोर्ट ने रद किया एससी-एसटी केस।

HighLights

  1. हाईकोर्ट ने चरखी दादरी के दुकानदार का एससी-एसटी केस रद किया

  2. दुकानदार ने महिला आईएएस अधिकारी को 'कोटे की अधिकारी' कहा था

  3. कोर्ट ने कहा, अपमानित करने की मंशा के बिना अपराध नहीं बनता

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट ने चरखी दादरी में एक महिला आईएएस अधिकारी के खिलाफ जाति संबंधी टिप्पणी करने के मामले में दुकानदार को राहत देते हुए उसके खिलाफ दर्ज एससी-एसटी एक्ट का मामला रद कर दिया है।

अदालत ने प्राथमिकी, आरोपपत्र और उनसे जुड़ी सभी आपराधिक कार्यवाही निरस्त कर दी। हाई कोर्ट ने कहा कि किसी टिप्पणी के आपत्तिजनक होने मात्र से एससी-एसटी अधिनियम के तहत अपराध साबित नहीं हो जाता। इसके लिए यह भी देखना जरूरी है कि टिप्पणी के पीछे जाति के आधार पर अपमानित करने की मंशा थी या नहीं।

चरखी दादरी में 2023 में जलभराव की समस्या को लेकर स्थानीय व्यापारियों और लोगों की सार्वजनिक सभा हो रही थी। इसी दौरान दुकानदार अशोक स्वामी ने तत्कालीन उपायुक्त के बारे में टिप्पणी करते हुए कहा था कि उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में 500वां स्थान प्राप्त किया था और वह कोटे से उपायुक्त बनी हैं। शिकायत के अनुसार, सभा में मौजूद कुछ लोगों ने इस टिप्पणी पर आपत्ति जताई थी।

इसके बाद कृषि विकास अधिकारी जितेंद्र कुमार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। दुकानदार ने हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर कहा कि उसका उद्देश्य किसी की जाति का अपमान करना नहीं था। वह जलभराव से परेशान व्यापारियों की समस्या उठा रहा था।

टिप्पणी पर विरोध होने के बाद उसने हाथ जोड़कर माफी भी मांग ली थी। जस्टिस एनएस शेखावत की पीठ ने मामले के रिकॉर्ड का परीक्षण करने के बाद कहा कि शिकायतकर्ता स्वयं अनुसूचित जाति से संबंधित नहीं था और न ही वह इस मामले में पीड़ित था।

जिस तत्कालीन उपायुक्त के बारे में टिप्पणी की गई थी, वह भी जांच में शामिल नहीं हुईं और न ही उन्हें गवाह बनाया गया। अदालत ने पाया कि उपलब्ध सामग्री से यह साबित नहीं होता कि दुकानदार ने उपायुक्त को उनकी जाति के कारण अपमानित करने या अनुसूचित जाति के खिलाफ नफरत फैलाने के उद्देश्य से टिप्पणी की थी। अधिक से अधिक इसे उपायुक्त की योग्यता और कार्यक्षमता पर सवाल उठाने वाली टिप्पणी माना जा सकता है।

हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया कि टिप्पणी आपत्तिजनक हो सकती है, लेकिन इससे अपने आप एससी-एसटी अधिनियम के तहत अपराध नहीं बनता। इसी आधार पर अदालत ने पूरी आपराधिक कार्यवाही रद्द कर दी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।