विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में 8 लाख में बच्चा खरीदने के आरोपी को हाई कोर्ट ने राहत देने से किया इनकार, नहीं मिलेगी कस्टडी

Published: Thu, 03 Sep 2026 07:25 PM (IST)

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने आठ लाख रुपये में नवजात खरीदने के आरोपी व्यक्ति को बच्चे की कस्टडी देने से इनकार कर दिया।

नवजात को आठ लाख में खरीदने के आरोपित को नहीं मिलेगी कस्टडी।

नवजात को आठ लाख में खरीदने के आरोपित को नहीं मिलेगी कस्टडी।

HighLights

  1. हाईकोर्ट ने बच्चे की कस्टडी देने से किया इनकार

  2. याचिकाकर्ता पर आठ लाख रुपये में बच्चा खरीदने का आरोप

  3. पुलिस जांच में बाल तस्करी गिरोह का खुलासा हुआ

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने कथित बाल तस्करी के मामले में नवजात बच्चे की कस्टडी मांगने वाले व्यक्ति को राहत देने से इनकार कर दिया। याचिकाकर्ता ने दावा किया था कि उसने बच्चे को उसके जैविक माता-पिता से विधिवत गोद लिया था और वह लंबे समय से पत्नी के साथ मिलकर उसकी देखभाल कर रहा था।

वहीं, पुलिस जांच में उस पर बच्चे को कथित तौर पर आठ लाख रुपये में खरीदने का गंभीर आरोप सामने आया। हाईकोर्ट ने स्पष्ट कहा कि जिस व्यक्ति पर बच्चे की खरीद-फरोख्त में शामिल होने का आरोप हो, उसी को बच्चे की कस्टडी देना न्याय का मजाक बनाने जैसा होगा।

बहादुरगढ़ निवासी याचिकाकर्ता ने बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दाखिल कर नवजात की कस्टडी मांगी थी। याचिका के अनुसार बच्चा दिसंबर 2025 में याचिकाकर्ता और उसकी पत्नी के पास आया था। दंपती का दावा था कि बच्चे के जैविक माता-पिता ने नोटरीकृत गोदनामा तैयार कर उसे उन्हें सौंपा था। इसके बाद जनवरी 2026 में जारी जन्म प्रमाणपत्र में भी याचिकाकर्ता और उसकी पत्नी को बच्चे के माता-पिता के रूप में दर्ज किया गया।

याचिकाकर्ता ने अदालत को बताया कि वह बच्चे को अपने बेटे की तरह पाल रहा था और उसके साथ परिवार का गहरा भावनात्मक लगाव हो चुका है। यह भी तर्क दिया गया कि अधिकारियों ने बच्चे को उनकी कस्टडी से हटाते समय निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं किया।

मामले में उस समय नया मोड़ आया, जब एक अप्रैल 2026 को पुलिस ने नवजात बच्चों की कथित अवैध खरीद-फरोख्त और तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। जांच के दौरान याचिकाकर्ता पर आरोप लगा कि उसने एक सह-आरोपित से बच्चे को आठ लाख रुपये में खरीदा था। इसके बाद अधिकारियों ने बच्चे को अपनी सुरक्षा में ले लिया।

बाद में बाल कल्याण समिति के निर्देश पर नवजात को विशेषीकृत दत्तक ग्रहण एजेंसी भेज दिया गया, जहां उसकी देखभाल की जा रही है। हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि इस स्तर पर वह यह तय नहीं कर रहा है कि याचिकाकर्ता की ओर से पेश गोद लेने से संबंधित दस्तावेज वैध हैं या नहीं।

अदालत ने यह भी माना कि बच्चे की कस्टडी से जुड़े मामलों में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका सुनवाई योग्य हो सकती है, भले ही कथित गोद लेने के दस्तावेजों की वैधता विवादित हो।

हालांकि, अदालत ने कहा कि मौजूदा मामले में याचिकाकर्ता के खिलाफ दर्ज गंभीर आपराधिक आरोप सबसे महत्वपूर्ण तथ्य हैं। ऐसे आरोपों के बीच बच्चे को उसी व्यक्ति की कस्टडी में देना उचित नहीं होगा, जिस पर बच्चे को खरीदने का आरोप है। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए हाईकोर्ट ने कस्टडी की मांग वाली याचिका खारिज कर दी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।