विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा सरकार को हाई कोर्ट से बड़ा झटका, कुरुक्षेत्र-झांसा मार्ग की जमीन का 12% ब्याज सहित देना होगा मुआवजा

Published: Mon, 23 Nov 2026 03:55 PM (IST)

पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने हरियाणा सरकार को कुरुक्षेत्र-झांसा मार्ग निर्माण में उपयोग की गई निजी जमीन का मुआवजा देने का आदेश दिया है।

निजी जमीन पर सड़क बनाकर मुआवजा देने से नहीं बच सकती सरकार: हाई कोर्ट

निजी जमीन पर सड़क बनाकर मुआवजा देने से नहीं बच सकती सरकार: हाई कोर्ट

HighLights

  1. निजी जमीन पर सड़क निर्माण के लिए मुआवजा अनिवार्य

  2. सरकार को मनमानी का अधिकार नहीं, कोर्ट का आदेश

  3. कलेक्टर रेट पर 100% सोलैटियम और ब्याज मिलेगा

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने हरियाणा सरकार को कुरुक्षेत्र-झांसा मार्ग के निर्माण में इस्तेमाल निजी जमीन का मुआवजा देने का आदेश दिया है। अदालत ने कहा कि सार्वजनिक निर्माण के लिए निजी जमीन का उपयोग सरकार को मनमानी का अधिकार नहीं देता। कानूनी प्रक्रिया के बिना किसी की संपत्ति पर कब्जा बनाए रखना वैध नहीं है।

न्यायमूर्ति विकास बहल और न्यायमूर्ति दिव्या शर्मा की खंडपीठ ने स्पष्ट किया कि संविधान के अनुच्छेद 300-ए के तहत किसी व्यक्ति को उचित कानूनी प्रक्रिया के बिना उसकी संपत्ति से वंचित नहीं किया जा सकता। अदालत ने सरकार की यह दलील खारिज कर दी कि जमीन मालिकों के पूर्वजों ने मौखिक सहमति से जमीन सड़क के लिए दी थी। इस दावे के समर्थन में कोई लिखित दस्तावेज नहीं था।

मामला कुरुक्षेत्र जिले के दर्रा कलां गांव का है। दो याचिकाओं में छह और एक याचिकाकर्ता ने कहा कि उनकी पैतृक जमीन का हिस्सा सड़क निर्माण में इस्तेमाल किया गया, लेकिन अधिग्रहण या मुआवजा नहीं हुआ।

अदालत ने याचिकाएं देरी के आधार पर खारिज करने की सरकार की आपत्ति भी नामंजूर की। याचिकाकर्ताओं ने सीमांकन के लिए लगातार प्रयास किए थे और जमीन सड़क में इस्तेमाल होने की जानकारी के बाद अदालत पहुंचे।

फैसले के अनुसार, फैसले की तारीख पर लागू कलेक्टर रेट को बाजार मूल्य माना जाएगा। इसके बराबर 100 प्रतिशत सोलैटियम यानी अतिरिक्त मुआवजा और वास्तविक भुगतान तक 12 प्रतिशत वार्षिक ब्याज देना होगा।

सरकार को तीन महीने में नवीनतम राजस्व रिकॉर्ड की जांच कर हिस्से तय करने, इसके बाद पांच महीने में मुआवजे का आकलन करने और अगले एक महीने में भुगतान करने का निर्देश दिया गया है।

जमीन का बंटवारा नहीं होने के कारण प्रत्येक मालिक का हिस्सा पूरे खसरा नंबर में उसकी हिस्सेदारी के अनुपात में तय होगा। मुआवजा लेते समय मालिक अपने हिस्से की पंजीकृत विक्रय विलेख हरियाणा सरकार के पक्ष में निष्पादित करेंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।