रोडवेज कर्मचारी संगठनों के साथ गतिरोध दूर करेगी हरियाणा सरकार, बातचीत के लिए बुलाया
हरियाणा सरकार रोडवेज कर्मचारी संगठनों के साथ वार्ता के लिए तैयार है। राज्य के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने मंगलवार को एक दर्जन कर्मचारी संगठनों को बातचीत के लिए बुलाया हैैै। बातचीत के दौरान नई और पुरानी मांगों पर चर्चा होगी।
जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा सरकार और रोडवेज कर्मचारियों के बीच लंबे समय से मांगों को लेकर चल रहे गतिरोध को समाप्त करने के लिए सरकार ने मंगलवार को सभी कर्मचारी संगठनों की बैठक बुलाई है। इस बैठक में एक दर्जन कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करेंगे।
हरियाणा सरकार इससे पहले भी कर्मचारी संगठनों के साथ बैठक का आयोजन कर चुकी है, लेकिन कर्मचारी संगठन संतुष्ट नहीं हो पाए थे। रोडवेज कर्मचारियों ने हाल ही में परिवहन विभाग में पुलिस अधिकारियों की तैनाती के विरोध में दो घंटे का विरोध प्रदर्शन किया था। अब रोडवेज के सभी संगठन 26 नवंबर को हड़ताल का एलान कर चुके हैं। इससे पहले 17 नवंबर को रोहतक में राज्यस्तरीय कन्वेंशन की जाएगी, जिसके चलते प्रदेश सरकार अभी से सक्रिय हो गई है।
कर्मचारी संगठनों के अनुसार पिछले चार साल से उन्हें बोनस नहीं मिला है। वर्कशाप कर्मचारियों को तकनीकी स्केल नहीं दिया जा रहा है। एक साल में मिलने वाली तीस छुट्टियां बंद कर दी गई हैं। कोरोना के दौरान मारे गए कर्मचारियों के आश्रितों को अभी तक मुआवजा भी नहीं मिल पाया है।
परिवहन निदेशक ने हरियाणा रोडवेज कर्मचारी यूनियन के प्रधान ओम प्रकाश ग्रेवाल, हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ के प्रधान दलबीर किरमारा, हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन के प्रधान इंद्र सिंह बधाना, हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन के नेता विनोद शर्मा, हरियाणा रोडवेज मिनिस्ट्रीयल स्टाफ एसोसिएशन के प्रधान जयभगवान कादयान, आल हरियाणा परिवहन कर्मचारी संघ के प्रधान आजाद सिंह मलिक, हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन के प्रधान नसीब जाखड़, हरियाणा रोडवेज चालक संघ के प्रधान कृष्ण कादयान, हरियाणा परिवहन कर्मचारी संघ के प्रधान रमेश श्योकंद, रोडवेज एसी इंप्लायज संघर्ष समिति के प्रधान बलवंत सिंह, हरियाणा सामान्य एवं पिछड़ा वर्ग कर्मचारी संघ के राज्य प्रधान अजमेर सिंह मथाना, हरियाणा राज्य परिवहन कर्मशाला यूनियन के प्रधान हरिकृष्ण को बातचीत के लिए बुलाया है।
निदेशक की ओर से इन कर्मचारी नेताओं को भेजे गए पत्र में स्पष्ट किया गया है कि हरियाणा के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा इन सभी संगठनों के साथ 10 नवंबर को हरियाणा निवास चंडीगढ़ में बैठक करेंगे। बैठक में सभी कर्मचारी संगठनों के केवल दो-दो प्रतिनिधि ही भाग लेंगे। बैठक में परिवहन विभाग के सभी आला अधिकारी मौजूद रहेंगे, जिसमें कर्मचारियों की पुरानी मांगों पर चर्चा कर उनका तुरंत समाधान संभव है। सभी कर्मचारी संगठनों को इस बैठक में शामिल होते समय अपने-अपने मांग पत्र साथ लाने को कहा गया है।