जूनियर नेशनल कबड्डी में हरियाणा की बेटियों का लगातार दूसरी बार राज, फाइनल में हिमाचल को हराकर जीता गोल्ड
हरियाणा की बेटियों ने 52वीं जूनियर नेशनल बालिका कबड्डी प्रतियोगिता में लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक जीता है। उन्होंने फाइनल में हिमाचल प्रदेश को 29-23 से हराकर राष्ट्रीय चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।

जूनियर नेशनल कबड्डी में हरियाणा की बेटियों का लगातार दूसरी बार राज।
HighLights
हरियाणा ने लगातार दूसरी बार जूनियर नेशनल कबड्डी खिताब जीता।
फाइनल में हिमाचल प्रदेश को 29-23 से हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया।
फरीदकोट में आयोजित 52वीं जूनियर नेशनल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। कबड्डी के खेल में हरियाणा की बेटियों ने एक बार फिर अपनी बादशाहत साबित करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का परचम लहराया है।
पंजाब के फरीदकोट में 25 से 28 नवंबर तक आयोजित 52वीं जूनियर नेशनल बालिका कबड्डी प्रतियोगिता में हरियाणा की टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। फाइनल मुकाबले में हरियाणा की खिलाड़ियों ने हिमाचल प्रदेश को 29-23 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
हरियाणा की टीम ने प्रतियोगिता में शुरुआत से ही दमदार प्रदर्शन किया। सेमीफाइनल मुकाबले में टीम ने राजस्थान को शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई।
इसके बाद खिताबी मुकाबले में हिमाचल प्रदेश के सामने खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल, रणनीति और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। छह अंकों के अंतर से मिली जीत ने हरियाणा की टीम को एक बार फिर राष्ट्रीय चैंपियन बना दिया।
जूनियर वर्ग में लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय चैंपियन बनी हरियाणा की बालिका कबड्डी टीम ने रेड और डिफेंस दोनों मोर्चों पर सामूहिक प्रदर्शन करते हुए विरोधी टीमों को चुनौती दी।
हरियाणा में कुश्ती, कबड्डी, मुक्केबाजी और हाकी सहित विभिन्न खेलों में बेटियों की भागीदारी लगातार पहचान बना रही है। जूनियर राष्ट्रीय स्तर पर यह उपलब्धि भविष्य के लिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की मजबूत पौध तैयार होने का संकेत है।
हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री तथा एमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन हरियाणा के चेयरमैन कृष्ण लाल पंवार ने टीम को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षकों, सहयोगी स्टाफ और एसोसिएशन के पदाधिकारियों के प्रयासों की सराहना की। एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल कुमार, महासचिव नसीब जांघू और अन्य पदाधिकारियों ने भी टीम की इस उपलब्धि में सहयोग दिया।