हरियाणा को मिला सर्वश्रेष्ठ पशुपालक राज्य का पुरस्कार, राज्य में 52 लाख पशुओं का फोटो सहित विवरण
हरियाणा को वैश्विक कृषि पुरस्कार 2019 के तहत सर्वश्रेष्ठ पशुपालक राज्य का पुरस्कार मिला है। प्रदेश में 60 लाख पशुओं का सफलतापूर्वक टीकाकरण का दावा है। इसके अलावा मोबाइल एप के जरिये 52 लाख पशुओं का फोटो सहित विवरण है।
जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा को वैश्विक कृषि पुरस्कार 2019 के तहत सर्वश्रेष्ठ पशुपालक राज्य का पुरस्कार मिला है। हरियाणा को यह पुरस्कार पशुपालन के क्षेत्र में और किसानों की अर्थव्यवस्था के बेहतरीन प्रदर्शन को लेकर राज्य सरकार की नीतिगत पहल के लिए दिया गया है। इससे कृषि क्षेत्र के विकास में मदद मिली और लाखों किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए।
भारतीय चैंबर आफ फूड एंड एग्रीकल्चर द्वारा दिल्ली में आयोजित चतुर्थ ग्लोबल एग्रीकल्चर समिट के दौरान विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डा. सुनील गुलाटी ने यह पुरस्कार प्राप्त किया। पशुपालन एवं डेयरी मंत्री जेपी दलाल ने बताया कि ऐसा विभाग द्वारा वर्ष 2019 के दौरान किसानों व पशुपालकों के हित में की गई पहल के कारण संभव हो पाया है।
गाय और भैंसों के लिए संयुक्त एचएस एफएमडी टीके का प्रयोग करने वाला हरियाणा पहला राज्य है। विभाग द्वारा पहले चरण में किसानों के घर द्वार पर 60 लाख पशुओं का संयुक्त टीकाकरण सफलापूर्वक किया जा चुका है। इसके अलावा ‘हर पशु का ध्यान’ नाम के मोबाइल एप का उपयोग कर 52 लाख बड़े पशुओं का फोटो सहित पूरा विवरण एकत्र किया गया है।
डा. सुनील गुलाटी ने बताया कि ‘हर पशु का ध्यान’ परियोजना के तहत देश में अपनी तरह का पहला डाटा संग्रह किया गया है। इसका उपयोग पशुपालकों को उनके घर द्वार पर बड़ी संख्या में सेवाएं प्रदान करने के लिए किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पशुओं के आनुवंशिक सुधार के लिए हरियाणा पशु (पंजीकरण, प्रमाणन और प्रजनन) अधिनियम 2019 पारित करने वाला हरियाणा पहला राज्य है। राज्य के प्रत्येक सरकारी पशु चिकित्सालय में पशु स्वास्थ्य कल्याण समितियों का गठन किया गया है। इन समितियों के स्तर पर पशुधन औषधि भंडार स्थापित करने की अभिनव योजना शुरू की गई है।