हरियाणा के कर्मचारी व मजदूर भी शामिल होंगे राष्ट्रव्यापी हड़ताल में
8-9 जनवरी को होने वाली कर्मचारी व मजदूरों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल में हरियाणा के मजदूर और कर्मचारी भी शामिल होंगे।
जेएनएन, चंडीगढ़। राष्ट्रव्यापी हड़ताल में हरियाणा के मजदूर और कर्मचारी भी शामिल होंगे। केंद्रीय ट्रेड यूनियनों ने सरकार पर मजदूर व कर्मचारी विरोधी नीतियां तेजी से लागू करने और श्रम कानूनों में पूंजीपतियों को प्रोत्साहन देने के आरोप लगाए हैैं। इसी के विरोध में 8-9 जनवरी 2019 को इस हड़ताल का आह्वान किया गया है।
केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के नई दिल्ली में हुए राष्ट्रीय सम्मेलन में दो दिवसीय हड़ताल का निर्णय लिया गया है। दावा किया गया कि करीब 20 करोड़ मजदूर और कर्मचारी इस हड़ताल में शामिल होंगे। इंटक, एटक, एचएमएस, सीटू, एआइयूटीयूसी, टीयूसीसी, सेवा, एआइसीसीटीयू, एलपीएफ, यूटीयूसी यूनियनों के अलावा इस सम्मेलन में राज्य सरकारों, बैंक, बीमा, रेलवे, बिजली, पोस्टल, डाक एवं तार तथा प्रतिरक्षा कर्मचारियों के संगठनों ने भी भागीदारी की।
अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी फेडरेशन के अध्यक्ष सुभाष लांबा ने यहां बताया कि राष्ट्रीय हड़ताल से पहले मजदूर व कर्मचारी अक्टूबर-नवंबर में राज्य, जिला व खंड स्तर पर सम्मेलन करेंगे। दिसंबर माह में सभी प्रदेशों में कर्मचारी एवं मजदूरों की सभाएं एवं रैलियां होंगी। 17 से 22 दिसंबर तक प्रदर्शन कर राष्ट्रीय हड़ताल के नोटिस दिए जाएंगे।